रामलला ने धारण किए स्वर्ण आभूषण, गर्भगृह में फूलों-फलों की लड़ियाँ और लगा 56 भोग
अयोध्या, अमृत विचार। राममंदिर में अक्षय तृतीया का पर्व सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। गर्भगृह में फूलों और फलों की लड़ियाँ लगाई गईं। रामलला का अभिषेक कर रत्न जड़ित वस्त्र पहनाए गए। सोने के मुकुट व अन्य आभूषण से श्रृंगार किया गया। दोपहर में 56 प्रकार के व्यंजनों से भोग भी लगाया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने राम मंदिर और हनुमान गढ़ी मंदिर में कतारबद्ध होकर दर्शन-पूजन किया। देर शाम तक यह सिलसिला लगातार जारी है। राम मंदिर धार्मिक समिति के सदस्य गोपाल जी राव ने बताया कि तृतीय तिथि राम मंदिर में विधि विधान पूर्वक पूजन-अर्चन किया गया, 56 भोग का विशेष प्रसाद भी भक्तों में वितरित किया गया।
मां अन्नपूर्णा देवी मंदिर में हुआ अनुष्ठान
अक्षय तृतीय पर राम मंदिर के परकोटे स्थापित मां अन्नपूर्णा देवी मंदिर में भी अनुष्ठान पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या श्रद्धालुओं भी मौजूद रहे। इस दौरान मंदिर के नीचे बने सीता रसोई में रामलला व अन्य देवी देवताओं के लिए व्यंजन तैयार किये गये।
सेवा भवन निर्माण के लिए ट्रस्ट ने किया भूमि पूजन
राम मंदिर में सेवा देने वाले भक्तों के रुकने के लिए 10 कमरे वाले सेवा भवन निर्माण के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के द्वारा अक्षय तृतीय पर रंग वाटिका के पास भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा ने बताया कि आठ छोटे और दो बड़े कमरे बनाए जाएंगे। जहां पर सेवा के लिए वाले श्रद्धालुओं को सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में रामलला के प्रति अपनी आस्था को समर्पित करने के लिए देश भर से विभिन्न क्षेत्र से भक्त आ रहे है। ट्रस्ट उन सभी भक्तों को सुविधा देने की योजना बनाई हैं।
ये भी पढ़ें :
आग से बचाव के लिए प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, बचाव को लेकर लोगों को दिए निदेश
