हरदोई में भीषण आग : इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के गोदाम में सामान जलकर खाक, नुकसान का अनुमान दो करोड़ से अधिक
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के सांडी कस्बे में स्थित शोभित इलेक्ट्रॉनिक्स एंड फर्नीचर्स शोरूम और गोदाम में शुक्रवार को भीषण आग लगने से दो करोड़ रुपये से अधिक का सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने की सूचना रात्रि करीब डेढ़ बजे शोरूम मालिक को स्थानीय लोगों ने दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी, लेकिन शुरुआती देरी के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
सांडी कोतवाली इलाके में कस्बे में शोभित इलेक्ट्रॉनिक्स एंड फर्नीचर्स शोरूम और गोदाम में आग ग्राउंड फ्लोर पर स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम से शुरू होकर तेजी से फर्स्ट फ्लोर पर बने गोदाम तक फैल गई। शुरुआती तौर पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए हरदोई से तीन और बिलग्राम से दो अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस हादसे में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, सोफा,इनवर्टर और बैटरियों ,बेड,गद्दे सहित भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक एवं फर्नीचर का सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित दुकानदार के अनुसार करीब एक करोड़ 97 लाख रुपये का सामान और दुकान में रखी करीब 22 लाख 43 हजार रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई।
कुल नुकसान दो करोड़ रुपये से अधिक आंका जा रहा है। शोरूम मालिक पुनीत वाजपेई का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर पर्याप्त संसाधनों के साथ नहीं पहुंची, जिससे आग पर जल्द काबू नहीं पाया जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, और जांच जारी है।
