JET EXAM 2026: 26 अप्रैल को होगी जेट 2026 की परीक्षा, 1.75 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल
रांचीः झारखंड पब्लिक सर्विस कमिशन (जेपीएससी) ने जेट 2026 परीक्षा को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट) का आयोजन 26 अप्रैल को किया जाएगा, जिसमें राज्यभर से करीब 1.75 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के लिए पात्रता और पीएचडी नामांकन के लिए आयोजित की जाती है। अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए इसे इस वर्ष की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक माना जा रहा है।
परीक्षा के लिए राज्य के छह प्रमुख शहरों-रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग और देवघर-में कुल 434 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर प्रशासन और आयोग की ओर से कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न हो सके।
जेट 2026 परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी। तीन घंटे की इस परीक्षा में कोई ब्रेक नहीं होगा। पेपर-वन में 100 अंकों के 50 प्रश्न, जबकि पेपर-टू में 200 अंकों के 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। कदाचार रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक और आइरिस वेरिफिकेशन की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले रिपोर्ट करना अनिवार्य है।
एडमिट कार्ड के साथ उपस्थिति पत्रक, एक वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र और दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाना जरूरी होगा। अगर किसी अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र या विवरण में कोई त्रुटि है, तो आयोग ने 25 अप्रैल शाम 5 बजे तक हेल्पलाइन नंबर 8929883832 जारी किया है। अभ्यर्थी सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच कॉल कर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।
