Moradabad: श्रीराम सोसायटी में लगे पोस्टर...पूर्णतः हिंदू सनातनी क्षेत्र, मुस्लिम मकान न खरीदें
मुरादाबाद, अमृत विचार। लाजपत नगर स्थित श्रीराम सोसायटी में धार्मिक आधार पर मकान बिक्री रोकने को लेकर विवादित पोस्टर लगाए गए हैं । लगभग 30 मकानों पर साफ लिखा है ये पूर्णतः हिंदू सनातनी सोसायटी है, यहां मुसलमान मकान न खरीदें''। निवासियों का कहना है कि कुछ मकान बिक्री के लिए हैं, लेकिन मुस्लिम खरीदारों के आने से सांस्कृतिक व धार्मिक सौहार्द प्रभावित होगा।
सोसायटी में हिंदू परिवारों की संख्या अधिक हैं, जहां मंदिर में नियमित अनुष्ठान होते हैं। यहीं के रहने वाले राजेंद्र अग्रवाल ने बताया,"कुछ मकान स्वामी बेच रहे हैं, जिन्हें दूसरे समुदाय के लोग खरीदने का प्रयास कर रहे हैं। भाईचारा बनाए रखने के लिए निवेदन किया है कि मकान हिंदू को ही बेचें।
इंद्रजीत गुलाटी बोले कि पूजा पद्धतियां अलग होने से विवाद संभव है इसलिए पोस्टर लगाए हैं। नीरज अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र की मर्यादाओं का ध्यान रखें। सुरभि अग्रवाल ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। यह घटना मुरादाबाद में पुरानी है। 2021 में लाजपत नगर शिव मंदिर कॉलोनी के 81 परिवारों ने मुस्लिमों के मकान खरीदने पर ''''बिकाऊ'''' पोस्टर लगाए थे, जिसे प्रशासन ने आपसी विवाद बताया।
