बांदा PHC में शराबी वार्ड ब्वाय निलंबित : वायरल वीडियो के बाद प्रबंधन ने की कार्रवाई, जांच के लिए कमेटी गठित
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शराब पीने और अधिकारियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के आरोप में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिसंडा में तैनात वार्ड बॉय को निलंबित कर दिया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा रविवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिसंडा में शराब पीकर ड्यूटी कर रहे वार्ड ब्याय सुशील कुमार द्वारा अधिकारियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया था। जिसका वीडियो 10 अप्रैल को सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। जिसके संबंध में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी द्वारा आरोपी वार्ड बॉय से स्पष्टीकरण मांगा गया था।
स्पष्टीकरण का जवाब नहीं मिलने से प्रकरण के संबंध की जानकारी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को दी। साथ ही वार्ड ब्याय के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की। विज्ञप्ति में बताया गया गया कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की संस्तुति के क्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा वार्ड ब्याय सुशील कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया और अनुशासनिक कार्यवाही संस्थित कर विस्तृत जांच हेतु एक कमेटी गठित की गई। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
