वाराणसी में नाविकों ने देवदूत बनकर गंगा में लगाई छलांग: बचाये गए डूब रहे पर्यटक, चेतावनी के बाद भी नहीं मानें लोग  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में रविवार को भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला घाट पर एक बड़ा हादसा टल गया। आंध्र प्रदेश से घूमने आए पर्यटकों का एक दल गंगा में स्नान कर रहा था। अचानक तीन लोग गहरे पानी में डूबने लगे। तभी तीन नाविकों ने देवदूत बनकर गंगा में छलांग लगाई और डूब रहे तीनों पर्यटकों को बचा लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आंध्र प्रदेश से लगभग 15 पर्यटक काशी दर्शन व पूजन के लिए आए हुए थे। डूबने वाले पर्यटकों की पहचान एस.वी. पांडा, चिन्नी और अनुषा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पर्यटकों का समूह गंगा स्नान कर रहा था। तभी एक महिला गहरे पानी में डूबने लगी और उसके बाद एक-एक कर तीन लोग डूबने लगे। 

स्थानीय लोगों ने उन्हें पहले ही चेतावनी दी थी कि आगे पानी गहरा है, इसलिए किनारे पर ही स्नान करके बाहर आ जायें लेकिन इन पर्यटकों ने स्थानीय लोगों की सलाह पर ध्यान नहीं दिया। नाविकों द्वारा तीनों पर्यटकों को समय रहते बचाए जाने की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है। गंगा घाटों पर स्नानार्थियों को पुलिस द्वारा लगातार जागरूक किया जाता है, फिर भी कई लोग सलाह नहीं मानते जिसके कारण अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं।

ये भी पढ़ें : 
बांदा PHC में शराबी वार्ड ब्वाय निलंबित : वायरल वीडियो के बाद प्रबंधन ने की कार्रवाई, जांच के लिए कमेटी गठित 

संबंधित समाचार