फिरोजाबाद की सब्जी मंडी में भीषण आग : 60 दुकानें जलकर राख, हादसे में लाखों के नुकसान का अनुमान

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद कस्बे में स्थित सब्जी मंडी में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से करीब 60 दुकानें जलकर राख हो गईं। हादसे में व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ा बाजार क्षेत्र के भीतर घनी आबादी के बीच स्थित सब्जी मंडी में देर रात अचानक आग भड़क उठी।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिले की दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

आग की चपेट में फल और सब्जी मंडी की अधिकांश दुकानें आ गईं। इसके साथ ही समीप स्थित मार्केट की कपड़े की कई दुकानें भी जलकर खाक हो गईं। कुल मिलाकर लगभग 60 दुकानों के प्रभावित होने की बात कही जा रही है। 

अधिकारियों के अनुसार नुकसान का आकलन कराया जाएगा। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। 

ये भी पढ़ें : 
यूपी में गर्मी का टॉर्चर शुरू: लखनऊ में तेज धूप ने किया परेशान, कई किमी. पैदल चलकर भक्त पहुंच रहे राम मंदिर

संबंधित समाचार