Bareilly: नगर निगम का पोर्टल 27 तक बंद...टैक्स भुगतान ठप, 1.70 लाख करदाता मुश्किल में 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। नए वित्तीय वर्ष के आगाज के साथ ही नगर निगम ने अपने डिजिटल सिस्टम की अपडेट करना शुरू करा दिया है। डेटा अपडेट और सॉफ्टवेयर मेंटेनेंस के चलते संपत्ति कर पोर्टल 27 अप्रैल तक के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इससे शहर के करीब 1.70 लाख करदाताओं के सामने मुश्किल खड़ी हो गई है।

 पोर्टल बंद होने से न केवल हाउस टैक्स, बल्कि सीवर और वाटर यूजर चार्ज का भुगतान भी पूरी तरह ठप है। नगर निगम, फिलहाल नए वित्तीय वर्ष की टैक्स डिमांड फाइल तैयार करने में जुटा है, ताकि 28 अप्रैल से जब पोर्टल दोबारा खुले, तो करदाताओं को नए बिल के आधार पर भुगतान की सुविधा मिल सके।

अधिकारियों के मुताबिक पोर्टल के साथ-साथ नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट भी मेंटेनेंस की भेंट चढ़ गई है। इसके चलते 10 अप्रैल तक होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस से जुड़े सभी कार्य ठप रहेंगे। व्यापारी न तो नए लाइसेंस के लिए आवेदन कर पा रहे हैं और न ही पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण संभव हो पा रहा है। इस बीच, नगर निगम टैक्स वसूली के लिए नई एजेंसी के चयन की प्रक्रिया में भी लगा है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि बैंक और तकनीकी टीम को जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि 27 अप्रैल के बाद जनता को सुचारू डिजिटल सेवाएं मिल सकें।

नए सत्र में डिजिटल भुगतान पर मिलेगा विशेष लाभ
नए वित्तीय सत्र 2026-27 में बकाया करदाताओं को राहत देने के लिए निगम ने खास योजना तैयार की है, प्रस्ताव 27 अप्रैल की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। अप्रैल से जून के बीच डिजिटल भुगतान करने पर 11 प्रतिशत और नकद जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। 1 जुलाई से 30 अगस्त के बीच डिजिटल भुगतान पर 7.5 प्रतिशत और नकद पर 5 प्रतिशत की राहत दी जाएगी।

 

संबंधित समाचार