लेबर मण्डी बनी जाम वजह, व्यापारियों संग हुई बैठक, एसीपी कृष्णानगर ने मंडी सैनिक तिराहा के पास प्लॉट पर की स्थानांरित

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ/सरोजनीनगर, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के हाइडिल चौराहा के पास कानपुर रोड किनारे लेबर मण्डी से पैदा हो रही जाम की समस्या के समाधान के लिए शनिवार को पुलिस और व्यापारियों के बीच सरोजनीनगर थाने पर एक बैठक हुई। लेबर मण्डी के कारण क्षेत्र में रोजाना यातायात बाधित हो रहा था, जिससे खासकर महिलाओं और स्कूली बच्चों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा, इंस्पेक्टर राजदेव राम प्रजापति ने उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा व शांति नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष रितेश सिंह चौहान सहित कई व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि सड़क किनारे संचालित हो रही लेबर मण्डी को हटाकर सैनिक तिराहा के पास स्थित खाली भूमि पर स्थानांतरित किया जाय। 
इसके बाद अधिकारियों ने संबंधित स्थल का निरीक्षण कर उसे मण्डी के लिए चिन्हित भी कर लिया है। साथ ही सब्जी विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वह 26 अप्रैल से अपनी दुकानें निर्धारित मण्डी परिसर में ही लगाएं। 

एसीपी कृष्णा नगर ने बताया कि इस व्यवस्था के लागू होने से कानपुर रोड पर जाम की समस्या से राहत मिलने और यातायात व्यवस्था में सुधार हो सकेगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है।

संबंधित समाचार