उत्तर प्रदेश : को-ऑपरेटिव संघ चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव संघ के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। संघ के सभापति, उपसभापति समेत सभी संचालक पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने इस जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने नव निर्वाचित सभापति चौधरी शिवेन्द्र सिंह और उपसभापति ब्रज किशोर गुप्ता सहित सभी संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संघ विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के नए मानक स्थापित करेगा। उन्होंने रामनिवास यादव, बालेन्द्र प्रताप सिंह, धनंजय कुमार सिंह, शिवदत्त नारायण सिंह, अभय सिंह, हरिओम मिश्रा, सुरेश गंगवार, जयवीर सिंह सिरोही, दिवाकर मिश्रा, शारदा चौधरी, आकांक्षा सोनकर और ऊर्षा मौर्या को भी जीत की बधाई दी।
पंकज चौधरी ने कहा कि सभी पदों पर निर्विरोध चयन इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की सहकारिता व्यवस्था में भाजपा के प्रति व्यापक विश्वास है। उन्होंने इसे समावेशी विकास के प्रति जनता की आस्था का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र किसानों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सहकारिता को सशक्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
वहीं योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सहकारी संस्थाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि नई टीम सहकारिता व्यवस्था को और मजबूत करेगी तथा किसानों और आमजन के हितों को प्राथमिकता देगी।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती का परिणाम बताते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा सहकारिता को जनसेवा का प्रभावी माध्यम माना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव निर्वाचित पदाधिकारी पारदर्शिता, दक्षता और जनकल्याण के नए मानक स्थापित करेंगे।
प्रमुख नवनिर्वाचित पदाधिकारी
• सभापति: चौधरी शिवेन्द्र सिंह
• उपसभापति: ब्रज किशोर गुप्ता
• संचालक: रामनिवास यादव, बालेन्द्र प्रताप सिंह, धनंजय कुमार सिंह, शिवदत्त नारायण सिंह, अभय सिंह, हरिओम मिश्रा, सुरेश गंगवार, जयवीर सिंह सिरोही, दिवाकर मिश्रा, शारदा चौधरी, आकांक्षा सोनकर, ऊर्षा मौर्या
