रामनगरी में शादियों के सीजन ने बढ़ाई कमर्शियल गैस की डिमांड, जानें क्या है रिफिलिंग और सप्लाई का हाल 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कार्यालय पर रोज चस्पा होती है लाभार्थियों की सूची, नाम खोजने वालों की लगती कतार 16 दिन में एक हजार से अधिक कॉमर्शियल सिलेंडर हो चुके जारी

पुनीत श्रीवास्तव/ अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी में शादी-ब्याह के सीजन में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की मांग लगातार बढ़ रही है। जिला आपूर्ति विभाग द्वारा शादी आयोजकों को दो कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराने की सुविधा शुरू करने के बाद आवेदकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। लोग सुबह-सुबह ही आपूर्ति कार्यालय पहुंचकर अपना आवेदन कर रहे हैं। साथ ही बड़ी संख्या में पहुंचकर लोग सूची में अपना नाम ढूंढते नजर आ रहे हैं।

जिला आपूर्ति विभाग के अनुसार, लगन चढ़ने के साथ ही सिलेंडर के लिए आवेदन बढ़ गए हैं। मांगलिक कार्यक्रमों के लिए भी विभाग सक्रिय रूप से सिलेंडर जारी कर रहा है। कार्यालय की दीवार पर रोजाना लाभार्थियों की सूची चस्पा की जाती है, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है। मात्र 16 दिनों (12 से 27 अप्रैल तक) में एक हजार से अधिक कॉमर्शियल सिलेंडर जारी किए जा चुके हैं। इस दौरान 25 अप्रैल को सर्वाधिक 254 सिलेंडर आवेदकों को वितरित किए गए।

शादी आयोजकों को दो कॉमर्शियल सिलेंडर की सुविधा शुरू होने के बाद आवेदनों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शादी सीजन को देखते हुए पूर्व जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने सिलेंडर की संख्या चार करने के निर्देश दिए थे, लेकिन उनके कार्यकाल में पत्राचार शुरू होते ही उनका स्थानांतरण हो गया। अब नवागत जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने पदभार संभालते ही जनसुविधाओं पर विशेष जोर देते हुए आपूर्ति विभाग को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि शादी जैसे मांगलिक अवसरों में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

जानिए, कब कितने सिलेंडर हुए जारी

अप्रैल संख्या
12- 33
13- 18
15- 03
16- 103
17- 30
18- 133
19- 01
20- 46
21- 04
22- 129
23- 140
24- 25
25- 254
27- 110

अब मांगलिक कार्यक्रमों के लिए जारी हो रहे सिलेंडर

जिला आपूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि शादी का निमंत्रण कार्ड दिखाने पर दो कॉमर्शियल सिलेंडर तत्काल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस व्यवस्था से शादी समारोह आयोजकों को बड़ी राहत मिल रही है। शादी के ठीक दो दिन पहले ही लाभार्थियों की सूची कार्यालय में चस्पा कर दी जा रही है। उन्होंने बताया कि विभाग मांगलिक कार्यक्रमों, शांति भोज इत्यादि अवसर पर भी आवेदकों को सिलेंडर मुहैया कराने के लिए आ रहे आवेदन को एजेंसियों को मार्क किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें : 
संगम नगरी में तापमान 45 डिग्री के पार, लू और हीट स्ट्रोक की चपेट में आ रहे लोग, प्रशासन ने की अपील 

संबंधित समाचार