हनीमून हत्याकांड : 'हमने उसे उसके हाल पर छोड़ दिया है', भाई ने किया सोनम से दूरी का दावा
इंदौर। मेघालय के हनीमून हत्याकांड में जमानत पर जेल से बाहर आई सोनम रघुवंशी को लेकर उसके बड़े भाई गोविंद रघुवंशी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उनके परिवार ने इस बहुचर्चित मामले की मुख्य आरोपी को उसके हाल पर छोड़ दिया है। इंदौर के कारोबारी ने यह भी कहा कि उन्होंने बहन की मदद के लिए अपनी ओर से कोई वकील नियुक्त नहीं किया है।
गोविंद ने यह बयान ऐसे समय दिया, जब ईस्ट खासी हिल्स की अदालत में सोनम की जमानत अर्जी मंगलवार को मंजूर होने के बाद उसके और राजा के परिवारों के बीच का भावनात्मक तनाव सतह पर आ गया है। राजा के परिवार ने सोनम के मायके पक्ष पर जुबानी हमले तेज कर दिए हैं। गोविंद रघुवंशी ने एक न्यूज एजेंसी से कहा,''सोनम की जमानत याचिका के बारे में मुझे कोई भी जानकारी नहीं थी। उसे जमानत मिलने की खबर मुझे मीडिया से हासिल हुई। मैंने अपनी बहन की मदद के लिए अपनी ओर से कोई वकील नियुक्त नहीं किया है।''
बहरहाल, सोनम को जमानत मिलने के बाद जेल से उसकी रिहाई की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए उसके पिता देवी सिंह रघुवंशी शिलांग में नजर आए थे। इस बारे में पूछे जाने पर गोविंद ने दावा किया कि उनके पिता 'अदालत के आदेश' पर शिलांग पहुंचे थे और वहां से लौट गए हैं। उन्होंने कहा,''हमने सोनम को उसके हाल पर छोड़ दिया है।''
गोविंद ने कहा कि उनके परिवार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह सोनम को इंदौर स्थित अपने घर में नहीं रखेंगे। सोनम को मिली जमानत की शर्तों में यह बात भी शामिल है कि वह ईस्ट खासी हिल्स की अदालत की उचित अनुमति के बिना इस क्षेत्र से बाहर नहीं जाएगी।
सोनम को जमानत मिलने के बाद राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन ने कहा कि हत्याकांड की मुख्य आरोपी और उसके साथियों से उन्हें जान का खतरा है। विपिन ने सोनम के परिवार पर झूठ बोलने और विश्वासघात का आरोप भी लगाया है। उधर, गोविंद ने कहा कि वह विपिन के इन आरोपों पर 'नि:शब्द' हैं और "राजा का परिवार अपने हित में किसी भी कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेने के लिए स्वतंत्र है।"
राजा रघुवंशी हत्याकांड नाटकीयता से भरे कई भावनात्मक घटनाक्रमों का गवाह रहा है। इस मामले में सोनम की गिरफ्तारी के बाद गोविंद 11 जून 2025 को अचानक राजा के घर पहुंच गए थे और अपने दिवंगत जीजा की मां से लिपटकर फूट-फूटकर रोए थे। गोविंद ने तब दावा किया था कि उनके परिवार ने सोनम से सारे संबंध तोड़ लिए हैं और अपनी छोटी बहन को अदालत से 'फांसी की सजा' दिलाने के लिए वह राजा रघुवंशी के परिवार की ओर से कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि अपने पति राजा रघुवंशी की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में सोनम को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से नौ जून 2025 को गिरफ्तार किया गया था। वह जमानत मिलने से पहले, 10 महीने से अधिक समय तक शिलांग के जिला कारागार में न्यायिक हिरासत में बंद रही। राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है। उनकी सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और नवविवाहित जोड़ा 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुआ था।
हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हुए राजा रघुवंशी का शव दो जून को ईस्ट खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (चेरापूंजी) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला था। राजा रघुवंशी हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम के साथ ही उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और उसके तीन दोस्तों को भी गिरफ्तार किया गया था।
