Bareilly : आम के बाग की रखवाली कर रहे किसान को गोलियों से भूना, हत्यारों की तलाश में पुलिस ने गठित की तीन टीमें

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली, अमृत विचार। यूपी के बरेली में बदमाशों ने एक किसान को गोलियों से भून डाला। गांव के बाहर आम के बाग में किसान का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्याकांड का आरोप गांव के ही कुछ दबंगों पर है। फिलहाल आरोपियों का पूरा घर गांव से फरार है। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने घटनास्थल का दौरा किया। खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं।

घटनाक्रम फरीदपुर थाना क्षेत्र के रायपुर हंस गांव का है। इंद्रपाल-जिनकी हत्या की गई है, वह गांव में अकेले रहते थे। उनके परिवार के कुछ लोग खटीमा में रहते हैं। पत्नी छोड़कर चली गई थी। गांव के बाहर इंद्रपाल का आम का एक बाग है। वह बाग की रखवाली करते थे। 

गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यिानी रात को इंद्रपाल बाग में थे, जहां उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली भी एक से ज्यादा मारी गई हैं। उनके पेट, सीने और पैर में गोलियों के निशान मिले हैं। शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीण बाग की तरफ गए थे चारपाई पर खून से लथपथ इंद्रपाल का शव देखकर सन्न रह गए। 

गांव में आग की तरह ये सूचना फैल गई और बाग की तरफ भीड़ का जुटना शुरू हो गया। चीख-पुकार और दहशत के बीच पुलिस पहुंची। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए। एसपी सिटी अंशिका वर्मा ने गांव पहुंचकर घटना के बारे में पूछताछ की। परिजनों के मुताबिक इंद्रपाल गुरुवार को एक शादी में गए थे, जहां से रात को लौटे और सीधे बाग में चले गए। 

परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर इंद्रपाल की हत्या का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के मुताबिक इंद्रपाल की एक भतीजी को गांव के ही ऋषिपाल का बेटा विकास बहला-फुसलाकर कर ले गया था। उसी को लेकर गांव में दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी हो गई है। इंद्रपाल के परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के कारण ऋषिपाल, संगम, विकास और सर्वेश ने इंद्रपाल की हत्या कर दी। 

एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि किसान की गोली मारकर हत्या के मामले में जांच के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं और जल्द ही अपराधी पकड़े जाएंगे।

संबंधित समाचार