संतकबीरनगर : फंदे से लटका मिला ब्यूटी पार्लर संचालिका का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद स्थित मुस्तफा मार्केट में एक ब्यूटी पार्लर संचालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान बरदहिया बाजार खलीलाबाद थाना कोतवाली खलीलाबाद स्थित 23 वर्षीया रानी साहिबा पुत्री रुस्तम अली के रूप में हुई है, जो मुस्तफा मार्केट खलीलाबाद में 'एंजल ब्यूटी पार्लर' का संचालन करती थी।
सीओ सदर प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने यहाँ बताया कि परिजनों ने बताया कि रानी साहिबा प्रतिदिन की तरह गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे भिटवा टोला खलीलाबाद स्थित मुस्तफा मार्केट में अपने पार्लर पर गई थी। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटी तब परिजनों ने उससे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया तो कॉल रिसीव नहीं हुआ।
इसके बाद परिजन पार्लर पहुंचे, जहां दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़ने के बाद परिजन अंदर दाखिल हुए। उन्हें तीसरी मंजिल की सीढ़ियों के पास रानी साहिबा का शव फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
