देश भर के 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराएगी 'भारत गौरव' ट्रेन, IRCTC की इस विशेष तीर्थयात्रा का जानें किराया और पूरा रूट चार्ट
मुंबई। महाराष्ट्र में इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने देशभर में हेरिटेज और तीर्थयात्रा पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस महीने विशेष '07 ज्योतिर्लिंग यात्रा' सर्किट पर भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। यह यात्रा दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी, जिसमें तीर्थयात्रियों को 12 दिनों की अवधि में भारत के कुछ सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों की एक खास यात्रा करायी जायेगी। इस यात्रा कार्यक्रम की परिकल्पना आध्यात्मिक महत्व और हेरिटेज यात्रा के मेल के रूप में की गयी है।
इसका आरंभ उज्जैन में शिप्रा नदी के तट पर स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग से होगा, जहां भगवान शिव की पूजा समय और मृत्यु के देवता के रूप में की जाती है। इसके बाद यात्रा नर्मदा नदी में मान्धाता द्वीप पर स्थित ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग की ओर बढ़ेगी, जो अपनी खास 'ओम' के आकार की बनावट के लिये जाना जाता है। इसके बाद तीर्थयात्री द्वारका के पास नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे, जिसे इसके सुरक्षात्मक आध्यात्मिक महत्व के लिए पूजा जाता है।
इस सर्किट में बेट द्वारका की यात्रा भी शामिल है, जिसे भगवान कृष्ण का मूल निवास माना जाता है और जहां ओखा प्रायद्वीप से नाव द्वारा पहुंचा जा सकता है। इसके बाद ऐतिहासिक द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन होंगे, जिसका पारंपरिक रूप से भगवान कृष्ण के प्राचीन राज्य से संबंध माना जाता है। तीर्थयात्रा वेरावल में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की ओर जारी रहेगी। यह एक ऐसा मंदिर है जो पौराणिक कथाओं से भरा हुआ है और माना जाता है कि इसे अलग-अलग युगों में कई चरणों में फिर से बनाया गया था।
इसके अलावा यह यात्रा नासिक में त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएगी, जो ब्रह्मा, विष्णु और शिव के तीन मुखों वाले अनोखे स्वरूप के लिए प्रसिद्ध है। इसके बाद पुणे में भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे, जिसका संबंध भगवान शिव द्वारा राक्षस भीमा को हराने की कथा से है। यात्रा का अंतिम पड़ाव छत्रपति संभाजीनगर में घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग होगा, जो अपनी बारीक लाल पत्थर की वास्तुकला और दक्षिण भारतीय शैली के शिखर के लिए जाना जाता है। भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन में वातानुकूलित और शयनयान श्रेणी दोनों की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इसमें एसी II, एसी III और शयनयान श्रेणी में ठहर सकते हैं, जिसकी कुल क्षमता लगभग 750 यात्रियों की है। यह ट्रेन आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस है, जिसमें आम जगहों पर सीसीटीवी निगरानी और हर कोच के लिए खास सुरक्षाकर्मी शामिल हैं, जिससे तीर्थयात्रियों के लिए एक सुरक्षित यात्रा का अनुभव सुनिश्चित होता है।
इस पैकेज की कीमत एसी-2 के लिए प्रति व्यक्ति 48,500 रुपये, एसी-3 के लिए 36,560 रुपये और शयनयान श्रेणी के लिए 23,505 रुपये रखी गयी है। इस कीमत में चुनी गयी क्लास में ट्रेन यात्रा, बजट होटलों में ठहरने की सुविधा (एसी और बिना एसी दोनों), शाकाहारी भोजन, एसी और बिना एसी गाड़ियों में स्थानीय आवागमन और दर्शनीय स्थलों की सैर, यात्रा के दौरान दुर्घटना बीमा और आईआरसीटीसी टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं। "07 ज्योतिर्लिंग यात्रा" के लिए बुकिंग आईआरसीटीसी की आधिकारिक पर्यटन वेबसाइट के जरिए 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर उपलब्ध है। इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी के आधिकारिक संपर्क माध्यमों ईमेल और तय मोबाइल नंबरों के जरिए भी अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें :
Noida International Airport : जेवर से 15 जून से उड़ेगी कमर्शियल फ्लाइट, इंडिगो भरेगी पहली उड़ान
