बाराबंकी : दर्जी का शव रखकर प्रदर्शन, आरोपियों पर रिपोर्ट
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में दुकान खाली कराने को लेकर हुई मारपीट में घायल दर्जी की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात बाधित रहा। हालांकि पुलिस के आश्वासन पर परिजन वापस लौट गए। जानकारी के अनुसार ग्राम गाजीपुर मजरे जहमतिया का पुरवा निवासी श्याम यादव कुटी गांव में किराए की दुकान पर सिलाई का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
परिजनों का आरोप है कि 15 अप्रैल की शाम दुकान मालिक मोनू यादव अपने साथियों अनिल और अमन के साथ दुकान पर पहुंचे और श्याम यादव पर दुकान खाली करने का दबाव बनाने लगे। श्याम के थोड़ी मोहलत मांगने पर आरोपियों ने कथित रूप से उन्हें जबरन दुकान से बाहर खींचकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। लोगों की मदद से पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर से परिजनों में आक्रोश फैल गया और शुक्रवार शाम के समय कोटवा सड़क-कोटवा धाम मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया। सूचना पाकर पहुंचे कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल मृतक के भाई संदीप कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
