कानपुर : मुगलों से ज्यादा महिला विरोधी है अब का विपक्ष, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बोला तीखा हमला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। नारी शक्ति वंदन अधिनियम गिरने के बाद भाजपा विपक्षी दलों पर हमलावर है। जगह-जगह प्रदर्शन व आक्रोश रैली निकाली जा रही है। शनिवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि अब का विपक्ष मुगल काल से भी ज्यादा महिला विरोधी है। जैसे मुगलों ने कभी भी अपने राज में महिलाओं को सम्मान नहीं दिया वैसे ही विपक्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सिर्फ मौका खोजता है कि कैसे महिलाओं का अपमान किया जाए। 

सीएसजेएम विश्वविद्यालय के सीनेट हाल में जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करना रहा। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। 

उन्होंने कहा कि जब देश में मोदी सरकार सत्ता में आई तो महिलाओं की सबसे बड़ी पीड़ा को दूर करते हुए हर-घर शौचालय स्कीम लागू की। पक्के मकान दिए, खेलो इंडिया, मिशन शक्ति योजना, ड्रोन दीदी, महिला पेंशन योजना, मुद्रा लोन, किचन से लेकर बाजार तक मजबूती दी। कहा कि उज्ज्वला योजना, मातृ वंदन योजना, घरौनी योजना और सबसे बड़ी सम्पत्तियों में नाम की हिस्सेदारी देकर मजबूती दी गई। उन्होंने महिलाओं की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि उनके अधिकारों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। 

उन्होंने लोकसभा सीटों के पुनर्गठन का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले 543 सीटों के समय जो उत्तर-दक्षिण अनुपात था, वही प्रस्तावित 850 सीटों में भी संतुलित रूप से कायम रखा गया है। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर सर्जिकल स्ट्राइक, धारा 370 और तीन तलाक जैसे मुद्दों पर विरोध की राजनीति करने का आरोप लगाया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध को उन्होंने महिला विरोधी मानसिकता बताया। कार्यक्रम में मेयर प्रमिला पांडेय, जिलाध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह, जिलाध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, महिला आयोग सदस्य अनीता गुप्ता और महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी आदि रहे।

संबंधित समाचार