लखनऊ : पेट्रोल पंप के पीछे मिला किशोर का शव, दोस्त पर हत्या का आरोप
लखनऊ, अमृत विचार : मदेयगंज इलाके में गुरुवार देर रात संदिग्ध हालात में किशोर की मौत हो गई। उसका शव घर से करीब पांच सौ मीटर दूर डालीगंज क्रॉसिंग इंडियन ऑयल टंकी के पीछे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। मृतक के मामा ने पड़ोस में रहने वाले एक दोस्त पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वहां ताला मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच तेज कर दी है।
शिया कॉलेज के पीछे रहने वाले अरुण ने बताया कि भांजा आयुष सिंह (17) उनके साथ रहता था। आयुष के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। रोजाना की तरह गुरुवार सुबह करीब दस बजे वह दुकान में काम करने के लिए घर से निकला था। वह आमतौर पर दोपहर में खाना खाने घर आता था, लेकिन उस दिन नहीं लौटा। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गए और खोजबीन शुरू की। इसी दौरान रात करीब 11:45 बजे पुलिस ने मामा अरुण को कॉल कर बताया कि आयुष अचेत हालत में डालीगंज क्रॉसिंग स्थित इंडियन ऑयल टंकी के पीछे पड़ा मिला है। पुलिस उसे तत्काल ट्रामा सेंटर ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मदेयगंज एसओ अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आयुष और उसका दोस्त नशे का इंजेक्शन लेते थे। नशे के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
परिचित मैकेनिक ने की थी पहचान
छानबीन में पता चला कि पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर ने सबसे पहले आयुष को अचेत पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। कुछ देर बाद एक परिचित मैकेनिक ने आयुष को पहचानकर परिजनों का मोबाइल नंबर दिया, जिसके बाद पुलिस ने सूचना दी।
बुधवार को मारपीट के बाद दी थी धमकी
मामा अरुण के मुताबिक बुधवार को आयुष का पड़ोस में रहने वाले दोस्त से विवाद हुआ था। उस दौरान पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था, लेकिन आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि इसी रंजिश में दोस्त ने आयुष को पेट्रोल पंप के पीछे बुलाकर उसकी हत्या कर दी। आयुष के शरीर और चेहरे पर कई चोट के निशान मिले हैं।
