जौनपुर में सनसनीखेज वारदात: बारात ले जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या
जौनपुरः जौनपुर से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जिसने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया है। जहाँ शहनाइयां बजनी थीं, वहाँ अब चीख-पुकार मची है। एक दूल्हा, जो कुछ ही घंटों में सात फेरे लेने वाला था, उसे सरेराह गोलियों से भून दिया गया।
वारदात खेतासराय थाना इलाके के बादशाही बाजार की है। शुक्रवार की रात करीब 9 बजे, सरायख्वाजा के बडौर गांव निवासी 25 वर्षीय आजाद बिंद अपनी बारात लेकर बीबीपुर जा रहा था। अभी बारात घर से महज 5 किलोमीटर दूर ही पहुंची थी कि बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने दूल्हे की गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने पेशेवर अंदाज में दूल्हे पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग की। गोलियां आजाद के चेहरे और पेट में लगीं। जब तक बाराती कुछ समझ पाते, हमलावर जौनपुर की तरफ फरार हो गए।
खून से लथपथ आजाद को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, दुल्हन के घर पर स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन जैसे ही हत्या की खबर पहुंची, खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। दुल्हन और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के मुताबिक दुल्हन पक्ष के कुछ लोग इस शादी से खुश नहीं थे इस लिए दुल्हे को निशाना बना दिया। ऐसी चर्चा है कि शादी को लेकर उसे पहले भी धमकी दी गई थी। पुलिस प्रेम-प्रसंग के मामले को भी इस हत्याकांड से जोड़कर देख रही है। आजाद को खतरे का आभास था, इसीलिए उसने ऐन वक्त पर अपनी गाड़ी बदली थी, फिर भी बदमाश उसे ट्रैक कर रहे थे।
इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह और एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने साफ किया है कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लेकिन सवाल वही है कि आखिर सरेआम एक दूल्हे की हत्या के पीछे की असली वजह क्या है? क्या यह रंजिश थी या फिर कुछ और?
