विधानसभा में गूंजा ‘विकसित भारत’ का संकल्प, 75 जिलों के युवाओं ने युवा संसद में रखा विजन
तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा संसद की शुरुआत, केंद्रीय बजट 2026 पर मंथन
लखनऊ, अमृत विचार : उप्र. विधानसभा में “विकसित भारत युवा संसद 2026” की शुरुआत करने के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा “राष्ट्र प्रथम” के मंत्र को अपनाएंगे। साथ ही युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लौटकर इस अनुभव को साझा करें और अन्य युवाओं को भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करें।
1.jpg)
विधान सभा अध्यक्ष, शुक्रवार को मिनिस्ट्री ऑफ यूथ एफेयर्स एंड स्पोर्ट्स के ‘मेरा युवा भारत’ (एमवाई भारत) प्लेटफॉर्म के तहत आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी 75 जिलों से आए युवाओं ने भाग लेकर राष्ट्र निर्माण के विजन को स्वर दिया।
संयुक्त रूप से उद्घाटन करने वाले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज का युवा ही कल के भारत की तस्वीर है। युवाओं को शिक्षा, नवाचार और जोखिम लेने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि नई सोच और प्रयोग ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेंगे।
दीप प्रज्जवल में शामिल युवा कल्याण एवं खेल राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि युवा संसद केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि लोकतंत्र को समझने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के 21 लाख से अधिक युवा ‘मेरा युवा भारत’ प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं।
कार्यक्रम में युवाओं ने “केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर युवाओं के मार्ग को सशक्त बनाना” विषय पर प्रतिभागियों ने विश्लेषणात्मक विचार प्रस्तुत किए। स्टार्टअप, नवाचार, कौशल विकास और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर अपने दृष्टिकोण रखे।
दिल्ली में प्रतिनिधित्व करेंगे तीन प्रतिभागी
“विकसित भारत युवा संसद 2026” का आयोजन देशभर में चार चरणों में किया गया। इसमें 75 जिलों से चयनित 375 युवाओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए आमंत्रित किया गया। तीन दिनों तक चलने वाले इस युवा संसद कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर चर्चा और संवाद के माध्यम से युवा न केवल अपने विचार रखेंगे, बल्कि देश के भविष्य की दिशा तय करने में सक्रिय भागीदारी भी निभाएंगे। इस राज्य स्तरीय मंच से चयनित तीन उत्कृष्ट प्रतिभागी नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे, जहां देशभर के विजेता भाग लेंगे।
ये भी पढ़े :
सूखा आशंका के बीच अलर्ट मोड में योगी सरकार, सिंचाई और राहत प्रबंधन को लेकर दिए सख्त निर्देश
