जम्मू में बड़ा हादसा: पुराने पुल का हिस्सा गिरा, तीन शव बरामद, दो अभियंता निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

जम्मूः जम्मू के बाहरी इलाके में आंशिक रूप से ढहे एक पुराने पुल के मलबे से बचाव कर्मियों ने 12 घंटे के तलाशी एवं बचाव अभियान के दौरान तीन शव बरामद किए और एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बाहर निकाला। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। बनतालाब के ठठर इलाके में शुक्रवार को पुल का एक हिस्सा गिरने के तुरंत बाद मलबे से एक मजदूर को घायल अवस्था में निकाला गया था। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने आधी रात को घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दो अभियंताओं को निलंबित करने का आदेश दिया।

अधिकारियों के अनुसार, पिछले साल आई अचानक बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए इस पुल का निर्माण कार्य कर रहे थे, तभी उसका एक हिस्सा ढह गया और चार मजदूर मलबे में दब गए। पुलिस, सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) तथा अग्निशमन एवं आपातकालीन विभाग ने तुरंत संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दल ने सबसे पहले तरसेम लाल नामक मजदूर को मलबे से बाहर निकाला।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ''तलाशी एवं बचाव अभियान आज सुबह समाप्त हो गया। घटनास्थल से तीन शव बरामद किए गए हैं, जबकि घायल अवस्था में दो अन्य लोगों को मलबे से निकाला गया।'' अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान करीब 12 घंटे तक चला। घायलों में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के संभागीय अग्निशमन अधिकारी मोहम्मद जाफर भी शामिल हैं, जो बचाव अभियान के दौरान चट्टान की चपेट में आने से घायल हो गए थे। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद पत्रकारों से कहा, ''मैंने सहायक कार्यकारी अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को निलंबित करने का आदेश दिया है। मुख्य अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यकारी अभियंता को भी इसमें संबद्ध किया जाए।''

चौधरी ने घटना की जांच के आदेश देते हुए अधिकारियों को यह काम पांच दिन के भीतर पूरा करने को कहा। अधिकारियों के अनुसार, सहायक कार्यकारी अभियंता साहिल वर्मा और कनिष्ठ अभियंता सज्जाद मीर को जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने लोक निर्माण (सड़क एवं पुल) विभाग के तकनीकी सचिव पुरुषोत्तम कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। इस समिति में जम्मू दक्षिण सर्किल के अधीक्षक अभियंता अरित गुप्ता और सतवारी संभाग के कार्यकारी अभियंता राजन मेंगी सदस्य हैं। 

संबंधित समाचार