UP: लखीमपुर खीरी में बाघ ने महिला को मार डाला, देर रात मकान निर्माण देखने गई थी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निघासन, अमृत विचार। सिंगाही थाना क्षेत्र के गांव सहिंजना में शनिवार देर रात एक मकान पर चल रहे निर्माण कार्य देखने गई महिला पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है।

गांव सहिंजना निवासी माता प्रसाद अपने घर के पूर्व दिशा में नया मकान बनवा रहे थे। शनिवार रात करीब 10:50 बजे निर्माण कार्य के लिए ट्रॉली से मिट्टी गिराई जा रही थी। इसी दौरान उनकी पत्नी सोमवती (25) काम देखने के लिए पहुंची थीं। क्षेत्र में जंगल और खेतों की नजदीकी के कारण जंगली जानवरों की हलचल बनी रहती है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही सोमवती निर्माण स्थल के पास पहुंचीं, पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। बाघ ने उनकी गर्दन दबोच ली और उन्हें घसीटते हुए ले जाने लगा। 

अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद लोग घबरा गए, लेकिन हिम्मत जुटाकर उन्होंने शोर मचाया और लाठियां लेकर बाघ की ओर दौड़े। लोगों की आवाज सुनकर बाघ शव को कुछ दूरी पर छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने तत्काल सोमवती को उठाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।

 

संबंधित समाचार