बाराबंकी : अन्नपूर्णा भवन निर्माण में कमी पर ठेकेदार को नोटिस, डीएम ने किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशांत प्रताप सिंह ने शनिवार को प्रशासनिक टीम के साथ बाढ़ सुरक्षा एवं विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर सख्त निर्देश दिए। ग्राम मड़ना में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवन की खराब गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग व ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को सटरिंग व ढलाई के समय अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा।

cats

नरैनीपुरवा के पास चौकाघाट-मरकामऊ मार्ग पर बन रहे पुल का निरीक्षण करते हुए डीएम ने डस्ट, गिट्टी सहित निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांची और अवर अधिशासी अभियंता दीपक चौधरी व अजीत पटेल को कार्य मानक के अनुरूप समय से पूरा करने के निर्देश दिए। कोरिनपुरवा में कटान निरोधक कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने बाढ़ को देखते हुए निर्धारित 14 जुलाई की समयसीमा घटाकर 15 जून तक कार्य पूर्ण करने को कहा।

बालू से भरी बोरियों के कार्य में तेजी लाने व श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस विद्वान शेखर झा, एसडीएम आनंद तिवारी, तहसीलदार विपुल कुमार, सीओ गरिमा पंत, डीएसओ डॉ. राकेश तिवारी, बीडीओ जितेंद्र कुमार, बाढ़ खंड अधिकारी शशिकांत सिंह, ग्राम सचिव ऋषभ पांडेय व निखिल कनौजिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार