प्रतापगढ़ : ममेरे भाई ने चाकू से गोदकर की युवक की हत्या, इलाके में सनसनी
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ जिले में महेशगंज थानाक्षेत्र के राजापुर बिंधन जियावन का पुरवा में शनिवार दोपहर एक युवक की कथित तौर पर उसके ममेरे भाई ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। महेशगंज के थाना प्रभारी निरीक्षक राधेबाबू ने बताया कि बाघराय थानाक्षेत्र के हरिहरपुर का विजय शुक्ला उर्फ पिंकू (33) दिल्ली में रहता था और शनिवार को दिल्ली से सीधे ससुराल राजापुर बिंधन जियावन का पुरवा पहुंचा था जहां उसकी पत्नी नेहा चार बच्चों के साथ रहती है।
उन्होंने बताया कि उसी दौरान वहां मौजूद मामा के बेटे दीपक पाण्डेय ने विजय पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल विजय को परिजन सामुदायिक स्वास्थ केंद्र (सीएचसी) महेशगंज ले गए और वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीएचसी कुंडा रेफर किया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि सीएचसी कुंडा के डॉक्टरों ने विजय को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि वारदात के बाद आरोपी फरार है। उन्होंने कहा कि विजय के परिजनों की तहरीर पर दीपक पाण्डेय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।
