Delhi Massive fire: दिल्ली के विवेक विहार में भीषण आग... 9 लोगों की मौत, कई घायल
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शनिवार देर रात एक भयावह अग्निकांड में 9 लोगों की मौत हो गई। शाहदरा के विवेक विहार इलाके में स्थित एक चार मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने की घटना में कई लोग फंस गए। दमकल विभाग को सुबह 3:47 बजे आग की सूचना मिली।
सूचना पाते ही दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव व आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, आग मुख्य रूप से इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर फैली थी। बचाव कार्य में 16 लोगों को निकाला गया, जिनमें से दो घायल हुए हैं। घायलों को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दमकल अधिकारी मुकेश वर्मा ने बताया कि बचाव दल ने टर्नटेबल लैडर, कटिंग टूल्स और अन्य उपकरणों की मदद से लोगों को बाहर निकाला। इमारत में खिड़कियों पर लगी ग्रिल और सलाखों के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। आग का सबसे अधिक प्रभाव इमारत के पीछे वाले हिस्से में देखा गया। स्थानीय पुलिस, DDMA, दमकल सेवा और अन्य एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं। इमारत में कुल 8 फ्लैट थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतकों की पहचान
- दूसरी मंजिल: अरविंद जैन (60), अनीता जैन (58), निशांत जैन (35), आंचल जैन (33) और 1.5 वर्षीय मास्टर आकाश जैन
- पहली मंजिल: शिखा जैन (45)
- तीसरी मंजिल: नितिन जैन (50), शैले जैन (48) और सम्यक जैन (25)
- घायल: नवीन जैन (48)
प्रारंभिक जांच में आग शॉर्ट सर्किट या एयर कंडीशनर में धमाके से लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग की सटीक वजह की जांच पुलिस और फॉरेंसिक टीम कर रही है। शवों की पहचान डीएनए टेस्टिंग के माध्यम से की जाएगी।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि घायलों का समुचित इलाज चल रहा है और प्रशासन पूरी तरह से राहत कार्य में लगा हुआ है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। वहीं, AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने इस घटना पर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा।
