Moradabad:मीटर रीडर को एसडीओ ने बनाया मुर्गा, वीडियो वायरल हुआ तो बचाव में जुटे अधिकारी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बकाया के नाम पर उपभोक्ता से पैसे हड़पने वाले मीटर रीडर को एसडीओ ने कार्यालय के बाहर मुर्गा बनाकर सजा दी। एसडीओ के इस बर्ताव का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद यह बिजली विभाग के अधिकारियों के गले की फांस बन गया। हालांकि अधिकारी मीटर रीडर के पैसे हड़पने पर ग्रामीणों की पिटाई से बचाने के लिए इस तरीके की सजा देने की बात कर रहे हैं। साथ ही एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही जा रही है।

शनिवार को दलपतपुर विद्युत केंद्र पर तैनात एसडीओ आरएन राठौर ने मीटर रीडर रानू कुमार को कार्यालय के बाहर मुर्गा बनाकर सजा दी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। वहीं एसडीओ ने अपना सीयूजी मोबाइल नंबर बंद कर लिया। मामले का वीडियो प्रशासनिक अधिकारियों के संज्ञान में आने बाद उच्चाधिकारियों ने मामले की सच्चाई जानी। 

पता चला कि मीटर रीडर रानू कुमार ने रसूलपुर नगला के एक उपभोक्ता से बिल की बकाया राशि जमा करने के नाम पर 25 हजार लेकर फर्जी रसीद दे दी थी। कुछ दिन बाद विभाग की ओर से उपभोक्ता को बकाया राशि जमा करने के लिए कहा गया तो उपभोक्ता ने मीटर रीडर की तलाश शुरू कर दी। शनिवार को उपभोक्ता कई ग्रामीणों के साथ मीटर रीडर को पकड़ कर दलपत विद्युत केंद्र ले आया और एसडीओ को दिए गए पैसे के बारे में जानकारी दी। जिसके बाद भड़के ग्रामीणों को देख एसडीओ ने मीटर रीडर को कार्यालय के बाहर ही कई घंटे मुर्गा बनाए रखा।

आक्रोशित ग्रामीणों से बचाने के लिए ऐसा किया गया
विद्युत वितरण खंड में मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि मीटर रीडर को दलपतपुर विद्युत केंद्र पर एसडीओ द्वारा मुर्गा बनाने की जानकारी मिली है। एसडीओ का फोन बंद है। लेकिन जेई से मिली जानकारी में रसूलपुर खैम गांव के एक उपभोक्ता से मीटर रीडर रानु कुमार द्वारा बिल बकाया के नाम पर 25 हजार रुपये लेकर नकली रसीद देने का मामला सामने आया है। आक्रोशित ग्रामीणों से बचाने के लिए ऐसा किया गया। मामले की सही जानकारी के लिए अधिशासी अभियंता द्वितीय को जांच सौंपी है। जांच में दोषी सिद्ध होने पर एसडीओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। मीटर रीडर को हटाने के लिए संबंधित कंपनी को पत्र भेज दिया गया है।

 

संबंधित समाचार