अखिलेश यादव का आरोप- भाजपा और निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव में किए गए 'ट्रायल' को बंगाल में किया लागू

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव कराने के लिए एक समानांतर व्यवस्था स्थापित करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निर्वाचन आयोग ने मिलकर साढ़े तीन साल पहले उत्तर प्रदेश के रामपुर उपचुनाव में जो 'ट्रायल' किया था, उसे हू-ब-हू बंगाल में लागू कर दिया। 

अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में केंद्रीय बलों के दखल के बारे में पूछे गए एक सवाल पर कहा कि उत्तर प्रदेश में जब 2022 में रामपुर लोकसभा और विधानसभा का उपचुनाव हुआ था, तब सबने देखा कि किस तरीके से वहां चुनाव अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की गई थी। 

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "शायद भारतीय जनता पार्टी ने आयोग के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में एक 'ट्रायल' किया था और उसे हू-ब-हू बंगाल में उतार दिया। मुझे जानकारी मिली है कि उन्होंने केंद्रीय बलों और अर्धसैनिक बलों का एक समानांतर ढांचा बना दिया था। इसके अलावा पुलिस व्यवस्था के समानांतर भी एक व्यवस्था बना दी गई थी।" 

सपा प्रमुख ने हालांकि पश्चिम बंगाल में एक बार फिर ममता बनर्जी की अगुवाई में सरकार बनने का विश्वास जताते हुए कहा, "दीदी थी, दीदी रहेंगी। वह लड़ेंगी भी और जीतेंगी भी।" उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए एक बार फिर कहा कि अगर स्मार्ट मीटर में बेईमानी हो सकती है तो ईवीएम में क्यों नहीं हो सकती? 

पूर्व मुख्यमंत्री ने शनिवार को देश के करोड़ों मोबाइल फोन पर आए अलर्ट का जिक्र करते हुए कहा, "देखिए टेक्नोलॉजी कितनी स्मार्ट हो गई है। आपका मोबाइल फोन स्विच ऑफ है, उसके बाद भी मोबाइल पर अलर्ट आएगा। यह सोचो किस बात की तैयारी है? यह आपके अंदर डर बैठाना चाहते हैं। भाजपा लोगों में डर पैदा करके चुनाव लड़ती है।" 

अखिलेश यादव ने सपा विधायक प्रभु नारायण की आशंका का जिक्र करते हुए कहा कि वह प्रदेश की जनता को सावधान करना चाहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी के कुछ लोग कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर झगड़ा कराएंगे। उन्होंने कहा कि विधायक प्रभु नारायण का कहना है कि चुनाव के दौरान भाजपा के लोग गांव-गांव में खूब डीजे बजवाएंगे जिससे नफरत फैले और झगड़ा हो। 

सपा प्रमुख ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के लोग बड़े पैमाने पर जगह-जगह डीजे बजवाकर झगड़ा करवाने की तैयारी कर रहे हैं लेकिन सपा ने जनता को पहले ही सावधान कर दिया है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि यह पार्टी 'झूठ की सोन पापड़ी' बनाती है और वह झूठ की एक परत के ऊपर असत्य की दूसरी परत चढ़ा देती है। 

अखिलेश यादव ने वाणिज्य गैस सिलेंडर के दामों में 993 रुपए की भारी बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि सभी लोग महसूस कर रहे थे कि जैसे ही पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों का विधानसभा चुनाव का मतदान खत्म होगा, उसके फौरन बाद महंगाई बढ़ जाएगी।

उन्होंने कहा, "डीजल पेट्रोल और गैस की महंगाई से बड़े पैमाने पर हर चीज की महंगाई बढ़ना शुरू हो जाती है। जब परिवहन की लागत बढ़ेगी तो हर चीज महंगी हो जाएगी।" सपा प्रमुख ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने कभी महंगाई को रोकने के लिए ना तो कोई काम किया और ना ही अपने लोगों को ज्यादा मुनाफा कमाने से रोका, जिसकी वजह से भी महंगाई बढ़ रही है। 

संबंधित समाचार