Moradabad: पासिंग आउट परेड के बाद यूपी पुलिस का हिस्सा बने 4941 प्रशिक्षु आरक्षी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। रिजर्व पुलिस लाइन्स के परेड ग्राउंड में नवप्रशिक्षित आरक्षियों के प्रशिक्षण पूरा होने के बाद रविवार को पासिंग आउट परेड समारोह आयोजित किया गया। जिसके बाद प्रशिक्षित 4941 रिक्रूट आरक्षी औपचारिक रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बन गए।

रिजर्व पुलिस लाइन में हुई पासिंग आउट परेड के मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण लखनऊ राजीव सभरवाल रहे। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंतिल भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर मार्च-पास्ट की सलामी ली। मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) लखनऊ ने कहा कि आज से प्रशिक्षु आरक्षियों के जीवन के एक नए और जिम्मेदारी भरे अध्याय की शुरुआत हो रही है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस महानिदेशक ने लाइव प्रसारण के दौरान शुभकामनाएं दी।

मार्च-पास्ट परेड के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों ने उत्कृष्ट अनुशासन, शानदार समन्वय और सधी हुई ड्रिल का प्रदर्शन किया। दीक्षांत परेड का नेतृत्व परेड प्रथम कमांडर राहुल शर्मा द्वारा अपने सहयोगी द्वितीय कमांडर शुभम मान व तृतीय कमांडर तनेश कुमार के साथ किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शपथ एवं सम्मान परेड के बाद सभी आरक्षियों को संविधान के प्रति निष्ठा, कानून के पालन, जनसेवा और राष्ट्र की अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, प्रशिक्षण संस्थान के आउटडोर/इनडोर के प्रशिक्षक, नव आरक्षियों के परिवार के लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी जवानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया।

इसी क्रम में पुलिस लाइन के अलावा पीटीएस, पीटीसी और 23वीं वाहिनी पीएसी, 24वीं वाहिनी पीएसी में भी पासिंग आउट परेड हुई। जिसमें रिक्रूट प्रशिक्षु आरक्षियों के पासिंग आउट परेड की सलामी अतिथियों ने ली। 23वीं पीएसी में 442, 24वीं पीएसी में 339, नौवीं पीएसी में 277 महिला रिक्रूट आरक्षी पासिंग आउट परेड में शामिल हुईं। प्रशिक्षु आरक्षियों को जीवन में अनुशासन व निष्ठा के साथ अपना कर्तव्य निभाने का संकल्प दिलाया।

गौरव बने सर्वांग सर्वोत्तम रिक्रूट आरक्षी
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रशिक्षण के दौरान इनडोर (लिखित परीक्षा) में रिक्रूट आरक्षी अनुज और आउटडोर (फील्ड/ड्रिल) में रिक्रूट आरक्षी दिगविजय चौधरी सभी गतिविधियों में सर्वांग सर्वोत्तम रिक्रूट आरक्षी गौरव कुमार को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करना रहा।

 

संबंधित समाचार