UP:बिरिया बाबा मेले में छिनैती गैंग का तांडव, महिलाओं के कुंडल लूटे
तिलहर, अमृत विचार। साप्ताहिक बिरिया बाबा मेले में रविवार को छिनैती करने वाले उचक्कों ने भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिलाओं को निशाना बनाया और चार महिलाओं के सोने के कुंडल लूट लिए, जबकि एक व्यक्ति का पर्स भी चोरी कर लिया। इस घटना से मेले में अफरा तफरी मच गई और महिलाएं रोने बिलखने लगीं। दशकों पुराने इस मेले में सुरक्षा व्यवस्था की कमी एक बार फिर सामने आई, जहां सुरक्षा के नाम पर केवल दो पीआरडी जवान ही तैनात थे।
रविवार को मेले में करधनी और चूड़ी पहनाने की रस्म वाले चबूतरे पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान बदमाशों ने महिलाओं को निशाना बनाया। बरेली के भमौरा थाना क्षेत्र के रुद्रपुर गांव की कुटीमा देवी के दोनों कुंडल धागे सहित लूट लिए गए। मोहम्मदी के पिपरिया नंदापुर गांव की विमला देवी के दोनों कुंडल नोंचे गए, जिसमें एक कुंडल मौके पर गिर गया जो उन्हें मिल गया। बदायूं के उझानी क्षेत्र के गुर्रा फरीदपुर गांव की नन्ही देवी का एक कुंडल लूटा गया और शाहजहांपुर के मदनापुर क्षेत्र के रहदेवा गांव की शकुंतला देवी के दोनों कुंडल लूट लिए गए। लखीमपुर के मोहम्मदी निवासी संजय कठेरिया की पेंट की जेब से पर्स निकाल लिया गया, जिसमें करीब 2800 रुपये थे।
घटना के बाद मेले में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और कुछ ग्रामीणों ने उचक्कों को तलाशने का प्रयास किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सूचना 112 पुलिस सेवा को दी गई। लोगों ने बताया कि इस प्रसिद्ध मेले में पहले भी कई बार महिलाओं के साथ आभूषण लूट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया। मेले में लगे तीन सीसीटीवी कैमरों के बावजूद घटनाएं होती रहीं और महिला सुरक्षा के दावे खोखले नजर आए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली से तीन सिपाहियों को मेले में भेजा गया, जबकि वरिष्ठ अधिकारी करीब तीन घंटे बाद तक मौके पर नहीं पहुंचे। लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब मेले में श्रद्धालु और उनका सामान सुरक्षित नहीं है। दशकों पुराने इस मेले की कोई आधिकारिक कमेटी भी नहीं बनाई गई है, जिससे व्यवस्थाएं कमजोर बनी हुई हैं। कोतवाली प्रभारी जुगल किशोर पाल ने बताया कि पीआरवी से मिसिंग की सूचना मिली थी, अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
