UP में प्रचंड गर्मी से राहत मिलने के आसार, बांदा 47.6 डिग्री सेल्सियस

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के दक्षिणी और मध्य भागों में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है, जबकि आगामी 48 घंटों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ केंद्र के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कहीं-कहीं वर्षा के आसार हैं। 

मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। दिन के समय पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लू चलने तथा कुछ स्थानों पर उष्ण रात्रि की स्थिति बनी रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर गर्म रातें दर्ज की जा सकती हैं। 28 अप्रैल से मौसम में अधिक बदलाव देखने को मिलेगा। 

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं के साथ वर्षा होने की संभावना है। 29 अप्रैल से एक मई तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। 

प्रदेश में रविवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान बांदा में 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक रहा। 2022 के बाद यह पहला अवसर है जब उत्तर प्रदेश के किसी शहर का तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। झांसी में 45.2 डिग्री, आगरा में 44.4 डिग्री, प्रयागराज और उरई में 44.2 डिग्री, अलीगढ़ में 43.4 डिग्री तथा कानपुर में 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

लखनऊ का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर और बागपत सहित कई जिलों में लू का प्रभाव बना हुआ है। 

वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर और देहात, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, अमरोहा सहित अनेक जिलों में उष्ण रात्रि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 28 अप्रैल को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर समेत कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 

लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान मुख्यतः साफ रहने के बाद आंशिक रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव के उपाय अपनाने तथा गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। 

संबंधित समाचार