बाराबंकी : प्रभारी मंत्री सुरेश राही बोले- स्वास्थ्य सेवाओं व स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, व्यवस्थाएं हों बेहतर
बेहतर इलाज और स्वच्छता से समझौता नहीं, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई- प्रभारी मंत्री
बाराबंकी, अमृत विचार। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही सोमवार को दौरे पर बाराबंकी पहुंचे। सबसे पहले वह पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
प्रभारी मंत्री ने निरीक्षण की शुरुआत जिला महिला चिकित्सालय से की। यहां उन्होंने ओपीडी, मॉडल इम्यूनाइजेशन सेंटर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। भर्ती मरीज पूनम व संध्या से भोजन व नाश्ते की गुणवत्ता के बारे में भी पूछा।
उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही अल्ट्रासाउंड कक्ष व रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता भी परखी। इसके बाद जिला पुरुष चिकित्सालय के औचक निरीक्षण में उन्होंने दवा काउंटर पर मरीजों से फीडबैक लिया और ओपीडी व्यवस्था की जानकारी की। आयुष्मान मित्र कक्ष का भी निरीक्षण किया। ओपीडी के शौचालय में गंदगी मिलने पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को स्वच्छता सुधारने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर पालिका परिषद नवाबगंज में कल्याण मंडप के पास पुनर्गठन पेयजल योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन पानी की टंकी का निरीक्षण किया और अधिशासी अभियंता, जल निगम को कार्य शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
अंत में जिला कारागार का निरीक्षण कर उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को मिल रही सुविधाओं व स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया तथा व्यवस्थाएं और सुदृढ़ करने को कहा। इस दौरान एमएलसी अंगद सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा राम सिंह भुल्लन वर्मा, जिला महिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप कुमार व जिला पुरुष चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जे.पी. मौर्य सहित संबंधित अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
