बाराबंकी : हिस्ट्रीशीटर अज्जन की पत्नी के नाम दर्ज एक और मकान कुर्क

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जेल में बंद शातिर ड्रग माफिया व हिस्ट्रीशीटर मिस्बाहुर्रहमान उर्फ अज्जन पर एक और चाबुक चला है। सीजिंग अथारिटी के आदेश पर तस्कर की पत्नी के नाम दर्ज लखनऊ स्थित एक और मकान कुर्क कर दिया गया। इसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। पुलिस के अनुसार थाना जैदपुर क्षेत्र के टिकरा मुर्तजा निवासी अज्जन लंबे समय से गिरोह बनाकर मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ बाराबंकी और लखनऊ में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

अवैध तरीके से अर्जित धन से उसने अपनी पत्नी नगमी खातून के नाम लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित औरंगाबाद खालसा में मकान व आवासीय भूखंड खरीदा था, जिसे अब कुर्क कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पिछले करीब 25 वर्षों से ड्रग तस्करी के कारोबार में सक्रिय रहा है और युवाओं को नशे की लत में धकेलकर समाज में गंभीर खतरा पैदा कर रहा था।

उसे पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और वह वर्तमान में जिला कारागार में निरुद्ध है। अज्जन को अंतरजनपदीय गैंग सूची में भी शामिल किया गया है और उसके विरुद्ध पिट-एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। थाना जैदपुर में उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 56 बी दर्ज है। बाराबंकी शहर में पैसार स्थित छह करोड़ की संपत्ति कुर्क करने के बाद यह दूसरी कार्रवाई है।

संबंधित समाचार