Lucknow Tennis Tournament : मुख्य ड्राॅ के पहले दिन ही देखने को मिले उलटफेर भरे मुकाबले, महिजीत-आरव ने वरीय खिलाड़ियों को किया बाहर
-ओम पटेल, तेजस रवि व लेथेश एस. कोंबिले संघर्षपूर्ण जीत के साथ अंतिम 16 में
लखनऊ, अमृत विचार : आईटीएफ जूनियर जे 30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट के मुख्य ड्राॅ के पहले दिन रोमांचक और उलटफेर भरे मुकाबले देखने को मिले। भारत के महिजीत प्रधान और आरव ढेकियाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वरीय खिलाड़ियों को हराकर सभी को चौंका दिया।
गोमती नगर स्थित विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में महिजीत ने तीसरी वरीय शरण सोमासी को 4-6, 6-2, 6-3 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। वहीं आरव ढेकियाल ने छठी वरीय आरव चावला को 3-6, 7-6(5), 5-4 (रिटायर) से शिकस्त दी।
अन्य मुकाबलों में शीर्ष वरीय ओम पटेल ने सार्थक अशोक गायकवाड़ को 4-6, 6-2, 6-1 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई। चौथी वरीय तेजस रवि ने परंजय सिवाच को 7-6(8), 6-7(1), 7-5 से हराया। लेथेश एस. कोंबिले ने गौतम शनमुगसुंदरम को 6-4, 1-6, 6-2 से मात दी।
वरद उंद्रे ने अयान शेट्टी को 6-4, 7-5 से हराया, जबकि अद्वित तिवारी ने अभिवाद्य मिश्रा को 7-5, 6-1 से पराजित किया। आठवीं वरीय प्रदन्येश शेलके और दूसरी वरीय विवान ने भी अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि केएस प्रताप (आईपीएस) ने किया। आयोजन सचिव समित केसरी ने अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत किया।
