Moradabad:एमएचईए के सांगठनिक चुनाव को लेकर टकराव बढ़ा, दोनों खेमों में खींचतान
मुरादाबाद, अमृत विचार। हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (एमएचईए) की एजीएम में हुए विवाद के बाद अब संगठन के भीतर चुनाव को लेकर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। दो गुटों के बीच चल रही खींचतान ने संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और निर्यातक समुदाय में भी इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
निर्यातक विशाल अग्रवाल ने कहा कि एमएचईए के वर्ष 2018 के बाद से चुनाव नहीं कराए गए हैं, जबकि यह एक लोकतांत्रिक व्यवस्था का अहम हिस्सा है। उनका कहना है कि यदि बीच में चुनाव हुए हैं तो उसका प्रमाण सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि सदस्यों के बीच स्थिति स्पष्ट हो सके और भ्रम की स्थिति समाप्त हो। दूसरी ओर एमएचईए के संरक्षक नजमुल इस्लाम का कहना है कि 2018 के बाद कार्यकारिणी को नियमानुसार विस्तार दिया गया था।
बाद में बायलॉज में संशोधन कर चुनाव की अवधि दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष कर दी गई। इसके आधार पर अगला चुनाव दिसंबर 2027 में प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि संबंधित अभिलेख रजिस्ट्रार कार्यालय में उपलब्ध हैं और इच्छुक सदस्य वहां से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। एजीएम के दौरान हुई तीखी बहस के बाद यह मामला और संवेदनशील हो गया है। संगठन के भीतर अलग-अलग राय सामने आने से समन्वय की स्थिति कमजोर पड़ती दिख रही है।
चुनाव प्रक्रिया पर अलग-अलग व्याख्या
संस्था के नियमों की व्याख्या को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद है। एक पक्ष नियमित चुनाव को आवश्यक मानते हुए पारदर्शिता की बात कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष संशोधित प्रावधानों के तहत वर्तमान व्यवस्था को सही ठहरा रहा है। यही अंतर विवाद को लगातार बढ़ा रहा है।
संगठन की साख पर असर की आशंका
लगातार सामने आ रहे मतभेदों और सार्वजनिक विवादों से संस्था की छवि प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े इस संगठन में बढ़ती असहमति को लेकर सदस्य भी समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं, ताकि सामान्य कार्य बहाल हो सके।
