Jalaun News: अयोध्या से दर्शन कर लौट रहा परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार, 6 की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल
जालौनः उत्तर प्रदेश के जालौन से आज सुबह एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अयोध्या से रामलला के दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हुपुर मोड़ के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है।
यह हादसा आज सुबह करीब 6 बजे का है। ललितपुर के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिवार के 10 सदस्यों के साथ कार से अयोध्या दर्शन करने गए थे। वापसी के दौरान जोल्हुपुर मोड़ के पास चालक की आंख लग गई और तेज रफ्तार कार सीधे आगे चल रहे वाहन में जा घुसी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 2 की जान अस्पताल में इलाज के दौरान चली गई।
कार में सवार शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत, दीपक, हरिमोहन, भूषण, अंशुल, स्वामी प्रसाद, मनोज और देशराज समेत कुल 10 लोग इस हादसे का शिकार हुए।
इस हादसे ने जहां एक परिवार को तबाह कर दिया, वहीं सिस्टम की संवेदनहीनता भी उजागर कर दी है। घायल जब मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे, तो वहां उन्हें उतारने वाला कोई वार्ड बॉय तक मौजूद नहीं था।
"10 मिनट तक घायल एम्बुलेंस में ही जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ते रहे। अंत में वहां मौजूद आम लोगों ने मानवता दिखाते हुए उन्हें स्ट्रेचर पर लिटाया और अंदर पहुंचाया।" पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों का उपचार जारी है। लेकिन सवाल वही है। सफर के दौरान एक पल की झपकी और अस्पतालों की यह बदहाली, आखिर और कितनी जानें लेगी?
