गोंडा : संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
परसपुर/गोंडा, अमृत विचार। थाना परसपुर क्षेत्र के तालेपुरवा गांव में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम मुंशीपुरवा चौदहा निवासी बाबूलाल चौहान ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उनकी 20 वर्षीय पुत्री पूनम चौहान की शादी करीब दो वर्ष पूर्व थाना परसपुर क्षेत्र के तालेपुरवा गांव निवासी हीरालाल चौहान के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर पूनम का उत्पीड़न करते थे। मंगलवार को पूनम की संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकती हुई लाश मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही थाना परसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया ।मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और मजिस्ट्रेट को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार घटना के समय घर में मृतका का पति तथा उसका करीब 80 वर्षीय ससुर मौजूद था। मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
