Moradabad: सूरज की तपिश और गर्म हवा ने बढ़ाई मुश्किलें, छांव की तलाश में भटके लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मंगलवार को तेज धूप और गर्म हवा ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। सुबह से ही सूरज की तपिश अधिक रही। दोपहर में सड़कों पर चहल पहल कम रही। गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया, जबकि जरूरी काम से बाहर निकले लोग राहत पाने के लिए सड़क किनारे पेड़ों की छांव तलाशते नजर आए।

दोपहर के समय हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर लोगों की आवाजाही कम रही। जो लोग बाहर निकले, वे सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर चल रहे थे। ठंडे पेय पदार्थों और पानी की दुकानों पर लोग गर्मी से राहत पाने में लगे रहे। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

तापमान में बढ़ने और गर्म हवा के कारण आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में लापरवाही भारी पड़ सकती है। लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की गई है।

दोपहर में छुट्टी होने पर तपिश से जूझे नन्हें कदम
दोपहर के समय सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे छोटे बच्चों को उठानी पड़ रही है। तेज धूप और गर्म हवा के बीच बच्चे सिर पर कपड़ा ढककर या बैग से सिर बचाते हुए घर जाते नजर आए। कई बच्चों के चेहरे पर गर्मी की थकान साफ दिखाई दी।

 

संबंधित समाचार