सामयिकी : पांच राज्यों के चुनाव नतीजे भविष्य की दिशा के संकेत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

0
संजय श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार

 

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों और सात सीटों पर हुए उपचुनावों के जीत-हार के नतीजे, केवल क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाएं नहीं हैं, बल्कि वे देश के व्यापक राजनीतिक मानस, दलों की रणनीति और भविष्य की दिशा का संकेत देते हैं। इन परिणामों को समग्रता में देखने पर स्पष्ट होता है कि भारतीय मतदाता अब अधिक व्यावहारिक, मुद्दा-आधारित और नेतृत्व-केंद्रित होता जा रहा है। सबसे पहले, वामपंथ की स्थिति पर विचार करें। अब देश में कहीं भी पूर्ण वामपंथी सरकार का न होना, यह संकेत अवश्य देता है कि वाम दल अपनी पारंपरिक जमीन खो चुके हैं, हालांकि वामपंथ अभी भी वैचारिक स्तर पर मौजूद है, खासकर श्रमिक, छात्र और नागरिक आंदोलनों में। राजनीतिक रूप से उसका प्रभाव सीमित हुआ है, समाप्त नहीं। 

पश्चिम बंगाल के नतीजों में कई कारकों की भूमिका रही। एसआईआर और मतदाता सूची की सघन जांच ने चुनावी पारदर्शिता को प्रभावित किया, वहीं स्थानीय नेतृत्व, संगठनात्मक ताकत और केंद्र-राज्य संबंधों की बहस भी अहम रही। फिलहाल अब केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होगी तो विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आ सकती है, लेकिन बंगाल जैसे राज्य में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा और क्षेत्रीय अस्मिता भी उतनी ही निर्णायक होगी। केरल के सत्ता पलट नतीजे बताते हैं कि सत्ता-विरोधी रुझान, प्रशासनिक थकान और स्थानीय मुद्दों ने यहां निर्णायक भूमिका निभाई। 

वहीं तमिलनाडु में आईडीएमके और अन्ना द्रमुक की सरकारों के दशकों बाद टीवीएम के उदय से द्रविड़ राजनीति नए रूप में ढलती दिखती है, जहां कल्याणकारी नीतियों के साथ-साथ विकास और पहचान की राजनीति का संतुलन बन रहा है। असम और पुडुचेरी में सत्ताधारी दलों की वापसी यह दर्शाती है कि यदि सरकारें अपेक्षाकृत स्थिर और प्रदर्शन आधारित हों, तो मतदाता उन्हें पुनः अवसर देने में संकोच नहीं करता। भाजपा का दक्षिण भारत में बढ़ता मत प्रतिशत भी इसी प्रवृत्ति का संकेत है। वह अभी पूर्ण प्रभुत्व में नहीं है, परंतु विस्तार की दिशा में स्पष्ट रूप से आगे बढ़ रही है।

नई सरकारों के लिए लोकलुभावन वादों को लागू करना सबसे बड़ी परीक्षा होगी। मुफ्त योजनाएं और सब्सिडी अल्पकालिक लोकप्रियता तो देती हैं, लेकिन दीर्घकाल में वित्तीय अनुशासन पर दबाव डालती हैं। इन चुनाव परिणामों को आगामी आम चुनावों का सीधे पूर्वाभास मानना भी सावधानी की मांग करता है। विधानसभा और लोकसभा चुनावों के मुद्दे, मतदाता व्यवहार और नेतृत्व के आयाम अलग होते हैं, हालांकि यह जरूर कहा जा सकता है कि यदि सत्ताधारी दल इसी तरह संगठनात्मक मजबूती और कल्याणकारी योजनाओं के साथ आगे बढ़ता रहा, तो उसे लाभ मिल सकता है, परंतु यह निष्कर्ष निकालना कि विपक्ष पूरी तरह अप्रासंगिक हो जाएगा, लोकतांत्रिक यथार्थ के विपरीत होगा।

विपक्ष की रणनीति-लोकसभा में एकजुटता और विधानसभा में अलग-अलग लड़ना-व्यावहारिक तो है, लेकिन इससे उसका सामूहिक संदेश कमजोर पड़ता है। मतदाता अब स्थिरता, स्पष्ट नेतृत्व और ठोस एजेंडे को प्राथमिकता देता है। इन चुनावों ने भारतीय जनमानस का एक स्पष्ट संदेश दिया है- वोट अब केवल विचारधारा पर नहीं, बल्कि प्रदर्शन, भरोसे और नेतृत्व की विश्वसनीयता पर पड़ता है। यही लोकतंत्र की परिपक्वता का संकेत भी है और भविष्य की राजनीति का मार्गदर्शन भी। (यह लेखक के निजी विचार हैं)