Moradabad:बादलों की ओट से झांकते रहे सूर्यदेव, ठंडी हवा से मिली राहत

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले का मौसम मंगलवार को बदला-बदला नजर आया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा, जिसके कारण सूर्यदेव दिनभर बादलों की ओट से ही झांकते रहे। धूप की तीव्रता कम रहने और बीच-बीच में चल रही ठंडी हवा ने मौसम को काफी सुहावना बना दिया।

दिन भर बादलों की आवाजाही जारी रहने से बारिश की संभावना बनी रही। कई बार घने बादल छाए, जिससे लोगों को बारिश होने की उम्मीद जगी, लेकिन दोपहर में करीब एक बजे करीब 20 मिनट के लिए हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे वातावरण में ठंडक बनी रही और उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा।

 तापमान में गिरावट का असर लोगों की दिनचर्या पर भी दिखा और बाजारों में सामान्य चहल-पहल बनी रही। वहीं, दिन ढलने के बाद हवा की रफ्तार और तेज हो गई, जिससे मौसम में और ठंडक का एहसास हुआ। ठंडी तेज हवा ने लोगों को गर्मी से और राहत दी। मौसम में आए इस बदलाव से किसानों के चेहरे भी खिले नजर आए और उन्हें आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों ने आगे भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

संबंधित समाचार