Bareilly:जिला जज बोले...समझौते के आधार पर निस्तारित करें लंबित विवाद

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। 9 मई को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जनपद न्यायालय सभागार में बैठक हुई, जिसमें बैंकों के प्रबंधकों ने भाग लिया। अध्यक्षता करते हुए जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लोक अदालत को सफल बनाने के लिए ऋण संबंधी और अन्य बैंक मामलों के अधिक से अधिक वादों का चयन करें। आपसी समझौते के आधार पर अधिकतम वादों का निस्तारण कराया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

नोडल अधिकारी व अपर जिला जज उमा शंकर कहार ने बैंक अफसरों से अब तक चिह्नित किए गए वादों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि वे चिह्नित मामलों में जल्द से जल्द नोटिस प्रेषित करें, ताकि संबंधित पक्षकारों को समय पर सूचना मिल सके। प्राधिकरण की सचिव जया प्रियदर्शिनी ने बताया कि जनपद में 6 से 8 मई तक तीन दिवसीय ''''विशेष लोक अदालत'''' का आयोजन भी किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य लघु आपराधिक वादों का त्वरित निस्तारण करना है। आमजन से अपील है कि वह विशेष लोक अदालत और राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने वादों का निस्तारण कराएं।

संबंधित समाचार