लखनऊ में महासंग्राम ..... कोहली पर सभी की निगाहें, RCB की लाल जर्सी से सराबोर होगा इकाना स्टेडियम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में सात मई को होने वाला मुकाबला कागजों पर लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच है, लेकिन जमीनी हकीकत में पूरा लखनऊ किंग कोहली के स्वागत को बेताब नजर आ रहा है। मैच से दो दिन पहले ही स्टेडियम के सभी टिकट बिक चुके हैं और मुकाबला हाउसफुल रहेगा। शहर में एलएसजी के नीले रंग से ज्यादा विराट की लाल जर्सी का उत्साह दिखाई दे रहा है।

किंग कोहली की झलक को मचल उठे प्रशंसक

Untitled design (18)

मंगलवार को इकाना स्टेडियम के बाहर विराट कोहली की एक झलक पाने के लिए हजारों प्रशंसक उमड़ पड़े। जैसे ही आरसीबी टीम के अभ्यास की खबर मिली, स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। शाम करीब 5:15 बजे खिलाड़ियों की बस गेट नंबर-3 पर पहुंचते ही पूरा माहौल “कोहली-कोहली” के नारों से गूंज उठा। खिलाड़ियों ने भी हाथ हिलाकर अभिवादन किया, जबकि फैंस मोबाइल कैमरों में इस पल को कैद करते नजर आए।

अभ्यास में विराट ने खोले हाथ, कोच संग बनाई रणनीति

मंगलवार शाम तीन घंटे चले अभ्यास सत्र में विराट कोहली ने जमकर पसीना बहाया। नेट्स पर उन्होंने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों का सामना करते हुए आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने हेड कोच एंडी फ्लावर के साथ पिच को लेकर चर्चा की। मौजूदा सीजन में कोहली 9 मैचों में 379 रन बना चुके हैं। पिछली भिड़ंत में भी उन्होंने 34 गेंदों पर 49 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

बल्लेबाजों का फ्लॉप शो, बिखरा स्पिन विभाग

एलएसजी की बल्लेबाजी इस सीजन में उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। मिचेल मार्श (256), एडन मार्करम (224) और ऋषभ पंत (204) ही 200 रन का आंकड़ा पार कर सके हैं। वहीं निकोलस पूरन और आयुष बदोनी का प्रदर्शन फीका रहा है। गेंदबाजी में प्रिंस यादव (13 विकेट) और मोहसिन खान (10 विकेट) ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन स्पिन विभाग कमजोर नजर आया है, जिससे टीम को लगातार नुकसान उठाना पड़ा है।

संबंधित समाचार