UP: दूसरे समुदाय के युवक की करतूत...किशोरी को खेत में खींच रेप की कोशिश
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र में शौच करने गई एक किशोरी को दूसरे समुदाय के युवक ने दबोच लिया। उसे गन्ने के खेत में खींच कर दुष्कर्म करने की कोशिश की। हालांकि पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी किशोरी की पिटाई कर मौके से भाग निकला। घटना के बाद से गांव में तनाव व्याप्त है। पुलिस ने छेड़छाड़ की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना फूलबहेड़ निवासी एक महिला ने बताया कि घटना शाम करीब पांच बजे की है। उसकी 16 वर्षीय पुत्री शौच के लिए गई थी। तभी गन्ने के पास गांव के ही अमान ने उसे दबोच लिया और मुंह बंद कर गन्ने के खेत में खींच कर ले गया और दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। पुत्री के शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों को आता देख आरोपी ने पीड़ित किशोरी की पिटाई कर दी और जान से मार देने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला। आरोपी के चंगुल से छूटी पीड़िता घर पहुंची और अपनी मां को पूरी बात बताई।
घटना की जानकारी होते ही परिजनों के होश उड़ गए। परिजन पीड़िता को लेकर थाना फूलबहेड़ पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना बताई। उधर मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
