Barabanki News: स्कूली वैन और दुग्ध वाहन में भीषण टक्कर, चालक समेत चार बच्चे गंभीर रूप से घायल
सूरतगंज/बाराबंकी,अमृत विचारः मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह स्कूली वैन और दुग्ध वाहन पिकअप की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चालक समेत चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गुरू कृपा पब्लिक स्कूल की वैन गुरुवार सुबह करीब सात बजे सुल्तानापुर गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सूरतगंज-सुढ़ियामऊ मार्ग पर तेलवाय गांव के पास अनियंत्रित वैन सामने से आ रहे दुग्ध वाहन पिकअप से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन का अगला हिस्सा पिकअप में जा फंसा।
हादसे में वैन के आगे बैठे चार बच्चे और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सीएचसी सूरतगंज भिजवाया। वहां मौजूद डॉ. शेख रिजवान ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि अधिकांश बच्चों के पैरों में फ्रैक्चर हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस, स्कूल स्टाफ और अभिभावक मौके पर पहुंच गए। अस्पताल में अपने बच्चों को घायल अवस्था में देखकर परिजन काफी परेशान नजर आए। पुलिस और अस्पताल कर्मियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया।
ये बच्चे हुए घायल
हादसे में सुल्तानापुर निवासी सतीश का नौ वर्षीय बेटा शशांक और पांच वर्षीय बेटी अभिका, सतनाम का सात वर्षीय बेटा सुधांशु, सुशील का 15 वर्षीय बेटा पुष्पेंद्र तथा हाफिजपुर निवासी 30 वर्षीय वैन चालक तिलकराम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं वैन में पीछे बैठे अन्य बच्चों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
