LSG vs RCB : इकाना में शाम 7:30 बजे से मुकाबला, विराट चुनौती के सामने LSG की साख की लड़ाई
लखनऊ, अमृत विचार: आईपीएल में गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला इकाना स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। जहां एक ओर आरसीबी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहते हुए टॉप-2 में अपनी जगह मजबूत करने उतरेगी, वहीं एलएसजी के लिए यह मुकाबला प्रतिष्ठा बचाने और हार के क्रम को तोड़ने की बड़ी परीक्षा होगी।
आरसीबी इस सीजन में शानदार फॉर्म में नजर आई है और टीम की बल्लेबाजी की अगुवाई विराट कोहली कर रहे हैं, जिन्होंने 9 मैचों में 379 रन बनाए हैं। उनके साथ देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने टीम को मजबूती दी है। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार 17 विकेट लेकर शीर्ष पर हैं और जोश हेजलवुड उनका अच्छा साथ निभा रहे हैं। पिछले मुकाबले में भी आरसीबी ने एलएसजी को 5 विकेट से हराया था।
दूसरी ओर, एलएसजी का प्रदर्शन इस सीजन में निराशाजनक रहा है। टीम लगातार छह मैच हार चुकी है और घरेलू मैदान पर जीत का खाता भी नहीं खोल पाई है। कप्तान ऋषभ पंत, मिचेल मार्श और निकोलस पूरन जैसे बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। हालांकि गेंदबाजी में प्रिंस यादव (13 विकेट) और मोहसिन खान (10 विकेट) ने कुछ हद तक प्रभावित किया है, लेकिन मोहम्मद शमी की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है।
आमने-सामने
अब तक दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें 5 बार आरसीबी ने जीत दर्ज की है, जबकि एलएसजी केवल 2 मैच जीत सकी है। ऐसे में आंकड़े भी आरसीबी के पक्ष में नजर आते हैं, लेकिन घरेलू मैदान पर एलएसजी वापसी की पूरी कोशिश करेगी।
इकाना की पिच संतुलित, आरसीबी को बड़े स्कोर की उम्मीद: मालोलन रंगराजन
5.jpg)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्पिन बॉलिंग कोच मालोलन रंगराजन ने इकाना स्टेडियम की पिच को संतुलित बताते हुए कहा कि यहां बल्लेबाजी उतनी कठिन नहीं है, जितना बताया जा रहा है। उन्होंने पिच को लेकर हो रही आलोचनाओं को खारिज करते हुए कहा कि यह सतह गेंदबाज और बल्लेबाज दोनों को बराबर अवसर देती है।
रंगराजन ने भरोसा जताया कि आरसीबी के बल्लेबाज किसी भी परिस्थिति में बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम हैं और आगामी मुकाबले में टीम बड़ा स्कोर खड़ा कर सकती है। उन्होंने खिलाड़ी जितेश शर्मा की फॉर्म पर कहा कि वह प्रतिभाशाली हैं और कभी भी दमदार वापसी कर सकते हैं। कोच ने यह भी स्पष्ट किया कि टीम का माहौल सकारात्मक है और सभी खिलाड़ी अगले मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हैं।
हार से नहीं टूटी हिम्मत, फैंस का दिल जीतने को तैयार एलएसजी : लांस क्लूजनर
5.jpg)
मौजूदा सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेऑफ की उम्मीदें भले ही लगभग खत्म हो चुकी हों, लेकिन टीम का मनोबल मजबूत है। यह बात सहायक कोच लांस क्लूजनर ने इकाना स्टेडियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। उन्होंने कहा कि टीम के पास अब खोने के लिए कुछ नहीं, लेकिन साबित करने के लिए बहुत कुछ बाकी है। एलएसजी अब अपने ब्रांड, ड्रेसिंग रूम के सम्मान और प्रशंसकों के लिए मैदान में उतरेगी।
युवाओं पर दांव, अर्जुन को मिल सकता है मौका
आगामी मुकाबलों में टीम प्रबंधन युवाओं को मौका देने की रणनीति पर काम कर रहा है। अर्जुन तेंदुलकर, जिन्हें मुंबई इंडियंस से ट्रेड किया गया था, अब तक नहीं खेले हैं, लेकिन नेट्स में उनकी यॉर्कर गेंदबाजी से कोचिंग स्टाफ प्रभावित है। क्लूजनर ने उन्हें मैच के लिए तैयार बताया।
बल्लेबाजी बनी ताकत, गेंदबाजी में सुधार की जरूरत
पिछले मैच में 228 रन बनाना टीम के लिए सकारात्मक रहा। निकोलस पूरन ने 21 गेंदों में 63 रन बनाकर आत्मविश्वास बढ़ाया। हालांकि क्लूजनर ने माना कि गेंदबाजी में सुधार जरूरी है।
इम्पैक्ट प्लेयर रणनीति पर नजर
क्लूजनर ने कहा कि इम्पैक्ट प्लेयर चयन मैच की स्थिति पर निर्भर करता है। एम सिद्धार्थ जैसे खिलाड़ियों का चयन पिच और परिस्थितियों के आधार पर किया जाता है। टीम शेष मैचों में बेहतर प्रदर्शन कर सीजन का सकारात्मक अंत करना चाहती है।
