Bareilly:नगर निगम की साइट पर वायरस अटैक, हाउस टैक्स से टेंडर तक सब लॉक
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम की तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी सेंधमारी करते हुए हैकर्स ने ऑनलाइन सेवाओं को पूरी तरह ठप कर दिया है। हैकर्स ने निगम के मुख्य सर्वर ''सी-पैनल'' व ''''डब्ल्यूएचएम'''' (वेब होस्ट मैनेजर) को निशाना बनाया है, जिससे टैक्स बिलिंग, पेटीएम के जरिए होने वाले भुगतान और ई-टेंडर की प्रक्रिया बाधित हो गई है। यह वेबसाइट अमेरिकन होस्टिंग कंपनी ''''ब्लू होस्ट'''' पर संचालित हो रही थी। वायरस अटैक की जानकारी मिलते ही निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सोमवार दोपहर को कुछ समय के लिए साइट संचालित हुई थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण दोबारा बंद हो गई, जिससे कामकाज ठप है।
इस साइबर हमले के कारण नगर निगम को वित्तीय नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, जिले के हजारों नागरिक प्रतिदिन औसतन एक करोड़ रुपये से अधिक का टैक्स भुगतान ऑनलाइन माध्यमों से करते हैं। वेबसाइट तीन दिनों से बंद है, जिसके चलते अब तक लगभग तीन करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। टैक्स जमा न कर पाने के कारण न केवल आम जनता परेशान है, बल्कि अधिकारी भी राजस्व की हानि और लंबित ई-टेंडर्स को लेकर चिंता में हैं। बिलिंग सेवा ठप होने से गृहकर और जलकर जैसे महत्वपूर्ण संग्रह कार्य पूरी तरह रुक गए हैं। जिससे हड़कंप मचा हुआ है। तकनीकी जानकारों के अनुसार हैकर्स ने नगर निगम की वेबसाइट से जुड़ी एजेंसी के सी-पैनल और डब्ल्यूएचएम को निशाना बनाया है। जिस पर वायरस अटैक होने से पूरा सिस्टम डाउन हो गया। विशेषज्ञों की टीम लगातार सर्वर और डेटा को सुरक्षित करने में लगी है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि सेवाओं को जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
म्यूटेशन की फाइलें भी फ्रीज
टैक्स विभाग के कर्मचारी बताते हैं कि नगर निगम के ऑनलाइन सिस्टम पर वायरस का हमला किसी बड़े झटके से कम नहीं है। इस तकनीकी सेंधमारी ने निगम की तिजोरी पर सीधा वार किया है, जिससे ऑनलाइन टैक्स बिलिंग पूरी तरह ठप हो गई है। भुगतान के लिए पेटीएम सेवा से लेकर म्यूटेशन की फाइलें भी सिस्टम के साथ ही फ्रीज हो गई हैं। नए आवेदनों के लिए लोग पोर्टल खोल रहे हैं, लेकिन वहां केवल सर्वर एरर का सन्नाटा है।
