Bareilly : मजदूर दिवस पर पुलिस अलर्ट, सोशल मीडिया पर पैनी नजर
औद्योगिक संगठनों और यूनियनों से पुलिस कर रही संवाद
बरेली, अमृत विचार। मजदूर दिवस को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संभावित गतिविधियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस की विशेष टीमें लगातार गतिविधियों पर निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट को समय रहते रोका जा सके।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि औद्योगिक संगठनों और इंडस्ट्री एसोसिएशनों के साथ लगातार बातचीत हो रही है। श्रमिक यूनियनों से भी संवाद स्थापित किया गया है और उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की गई है। कहा कि किसी भी प्रकार से माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और हर संवेदनशील गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही एलआईयू को भी सक्रिय कर दिया गया है, जो क्षेत्र में होने वाली हर छोटी-बड़ी गतिविधि की जानकारी जुटा रही है। पुलिस टीमों को विशेष रूप से निर्देश दिए गए हैं कि वे संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करें।
