जेवर एयरपोर्ट के सौंदर्यीकरण और लैंडस्केपिंग को लेकर निर्देश जारी, 15 जून से शुरू होना है फ्लाइट ऑपरेशन
लखनऊ, अमृत विचार: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर को विश्वस्तरीय स्वरूप देने की दिशा में राज्य सरकार ने लैंडस्केपिंग और हरित विकास पर विशेष फोकस किया है। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुधवार को एयरपोर्ट की लैंडस्केपिंग योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे एयरपोर्ट परिसर को हरा-भरा और आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जाए।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर के कंसेसियनार यापल और नायल के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में एयरपोर्ट पर 15 जून से प्रस्तावित फ्लाइट संचालन को देखते हुए सौंदर्यीकरण और पर्यावरणीय विकास की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
यापल की ओर से उप कार्यपालक चेयरमैन क्रिस्टोफ शैलमन ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से एयरपोर्ट परिसर में प्रस्तावित लैंडस्केपिंग योजना का विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि केवल टर्मिनल क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे एयरपोर्ट परिसर और दूसरे रनवे के आसपास के क्षेत्र को भी हरित विकास योजना में शामिल किया जाए।
उन्होंने कहा कि टर्मिनल के सामने अत्याधुनिक शैली में लैंडस्केपिंग कराई जाए, ताकि यात्रियों को एयरपोर्ट पर विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके। सरकार की मंशा है कि जेवर एयरपोर्ट केवल हवाई यातायात का केंद्र न होकर आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर का मॉडल बने।
बैठक में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, नोडल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया और गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ऑनलाइन शामिल हुईं। वहीं नागरिक उड्डयन विभाग के निदेशक लोक भवन में मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें :
योगी मंत्रिमंडल से शीर्ष संगठन तक सर्जरी की तैयारी : पहले मंत्रिमंडल विस्तार, फिर संगठन में बदलाव
