UP:नसीमुद्दीन सिद्दीकी बोले-भाजपा के हाथ की कठपुतली बन गया चुनाव आयोग
शाहजहांपुर, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। गुरुवार को प्रसाद भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में एसआईआर, बेईमानी और धोखेबाजी के सहारे चुनाव जीता गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के हाथ की कठपुतली बन गया है। साथ ही पश्चिम बंगाल में हुई हत्या की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है और गैस सिलेंडर को लेकर मारामारी की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने गन्ना किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समय पर भुगतान न मिलने से किसानों की आर्थिक हालत खराब हो रही है। यहां तक कि बेटियों की शादी करने में भी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि गन्ना एक्ट के अनुसार देर से भुगतान होने पर ब्याज मिलना चाहिए, लेकिन सरकार किसानों को राहत देने के बजाय कम रेट तय कर रही है, जिससे लागत तक नहीं निकल पा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव के समय जनता भाजपा को जवाब देगी। अखिलेश यादव का स्वागत करने वाली बेटी के पिता को सुपरवाइजर से चपरासी बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बेटी ने कोई गलत काम नहीं किया। भाजपा के लोग संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं और कानून तोड़ने वाले भी भाजपा में ही हैं।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वह 29 साल विधायक और चार बार कैबिनेट मंत्री रहे, लेकिन ऐसी सरकार पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने सीतापुर में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म, मेरठ में मां-बेटी की पिटाई कर हत्या और बुंदेलखंड में दूल्हे के साथ मारपीट की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में चारों ओर अत्याचार बढ़ रहे हैं। इस दौरान पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद, पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, सैयद कासिम रजा और रऊफ खान समेत कई नेता मौजूद रहे।
इससे पहले सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के आगमन पर प्रसाद भवन में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। बैठक के दौरान पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का संदेश भी दिया गया।
शक्ति प्रदर्शन से जोड़कर देखी जा रही पूर्व एमएलसी के आवास पर हुई बैठक
नसीमुद्दीन सिद्दीकी के शाहजहांपुर पहुंचने पर प्रसाद भवन में बड़ी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर से पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं और प्रसाद भवन से जुड़े सैकड़ों लोगों की मौजूदगी रही। पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद के आवास पर आयोजित कार्यक्रम को राजनीतिक हलकों में शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज रहीं। शाहजहांपुर सदर विधानसभा सीट से सपा टिकट के दावेदार माने जा रहे पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद की सक्रियता को लेकर भी चर्चा होती रही।
दूसरी ओर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान को लेकर भी चर्चाएं चलती रहीं। सदर विधानसभा क्षेत्र में टिकट की दौड़ में जयेश प्रसाद और तनवीर खान दोनों को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। हालांकि पार्टी में टिकट के लिए कई अन्य नाम भी सामने हैं, लेकिन फिलहाल इन दोनों नेताओं के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में बने हुए हैं।
