LSG vs RCB : मार्श की शतकीय पारी ने बिगाड़ा RCB का खेल, लखनऊ की शानदार जीत

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने मिचेल मार्श (111 रन) की विस्फोटक शतकीय पारी की बदौलत बृहस्पतिवार को यहां बारिश से प्रभावित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को डकवर्थ लुईस पद्धति से नौ रन से शिकस्त दी। पिछले मैच में गुजरात टाइटन्स से पराजय झेलने वाली आरसीबी (12 अंक) इस हार से तालिका में शीर्ष पर पहुंचने का मौका चूक गई और तीसरे स्थान पर बरकरार है। मार्श की 56 गेंद में नौ चौके और इतने ही छक्के जड़ित शतकीय पारी से एलएसजी ने 19 ओवर में तीन विकेट पर 209 रन का स्कोर खड़ा किया। 

बारिश के कारण तीन बार हुई खेल रूका जिससे लगभग एक घंटे का विलंब हुआ। इसके बाद एक ओवर की कटौती की गई जिससे मैच 19-19 का कर दिया गया। आरसीबी को 19 ओवर में 212 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। कप्तान रजत पाटीदार (61 रन, 31 गेंद, तीन चौके और छह छक्के) के अर्धशतक के बावजूद आरसीबी की टीम एलएसजी की शानदार गेंदबाजी के सामने 19 ओवर में छह विकेट पर 203 रन ही बना सकी। पिछले छह मैच में हार झेलने वाली एलएसजी इस जीत से अभी टूर्नामेंट से बाहर होने से बच गई और तालिका में 10वें स्थान पर बरकरार है। 

आरसीबी के लिए पाटीदार के अलावा टिम डेविड ने 17 गेंद में 40 रन, देवदत्त पडीक्कल ने 34 रन, कृणाल पंड्या ने नाबाद 28 रन और रोमारियो शेफर्ड ने नाबाद 23 रन बनाए जिससे टीम 200 रन पार कर सकी। एलएसजी के लिए प्रिंस यादव ने 33 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि शाहबाज अहमद ने भी इतने ही रन देकर दो विकेट लिए। मोहम्मद शमी को एक विकेट मिला। दिग्वेश राठी ने अंतिम ओवर में अच्छी गेंदबाजी की जिसमें आरसीबी को जीत के लिए 20 रन चाहिए थे। आरसीबी की शुरूआत अच्छी नहीं हुई जिसने पहले ही ओवर में जैकब बेथेल (04) का विकेट गंवा दिया। 

शमी ने मेजबान टीम को अच्छी शुरूआत कराई और बेथेल को प्रिंस यादव के हाथों कैच आउट कराया। टीम के स्टार विराट कोहली खाता भी नहीं खोल सके और अगले ओवर में प्रिंस यादव की गेंद पर उनके स्टंप उखड़ गए। इस तरह टीम ने आठ गेंद में नौ रन पर दो विकेट गंवा दिए। पर पडीक्कल ने इसी ओवर में डीप बैकवर्ड स्कवायर लेग पर छक्का जड़ दिया। आरसीबी दो विकेट खोकर पहले ही दबाव में थी और शमी ने अपने दूसरे ओवर में केवल तीन रन देकर इसे और बढ़ा दिया। बेंगलुरु की टीम ने 5.4 के पावरप्ले में दो विकेट गंवाकर 40 रन बना लिए थे। 

कप्तान पाटीदार ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया जिससे 10 ओवर में आरसीबी का स्कोर दो विकेट पर 104 रन था। फॉर्म में चल रहे पडीक्कल उनका अच्छा साथ निभा रहे थे। लेकिन प्रिंस यादव ने अगले ही ओवर में आते ही पडीक्कल को अपनी ही गेंद पर कैच लेकर आउट कर दिया जिससे 53 गेंद में 95 रन की भागीदारी भी खत्म हो गई। जितेश शर्मा भी आते ही प्रिंस यादव के इसी ओवर में पवेलियन लौट गए। अब आरसीबी को आठ ओवर में 106 रन की दरकार थी। 

पाटीदार के अगले ओवर में शाहबाज की गेंद पर आउट होते ही टीम की उम्मीद टूट गई। टिम डेविड ने इस दौरान हालांकि कुछ आकर्षक शॉट लगाए जिसमें 15वें ओवर में मयंक यादव पर लगे दो दर्शनीय छक्के भी शामिल थे। उन्होंने शाहबाज अहमद पर भी एक गगनचुंबी छक्का जड़ा, लेकिन अगली ही गेंद पर कैच दे बैठे। कृणाल पंड्या ने शमी पर दो छक्के लगाए। फिर अंतिम दो ओवर में 33 रन चाहिए थे। लेकिन आरसीबी को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। 

इससे पहले मार्श ने पहले विकेट के लिए अर्शिन कुलकर्णी (17) के साथ मिलकर 95 रन की साझेदारी की जिससे टीम को एक धमाकेदार शुरुआत मिली। इसके बाद उन्होंने निकोलस पूरन (38 रन) के साथ मिलकर 70 रन और जोड़े। 

कप्तान ऋषभ पंत ने फिर 10 गेंद में 32 रन की नाबाद पारी खेली। ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज मार्श शुरू से ही खतरनाक लग रहे थे। उन्होंने मैदान के चारों ओर जोरदार शॉट लगाए। उनकी पारी के ज्यादातर शॉट पावरप्ले में आए। बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद पर मार्श ने आक्रामकता से खेलना शुरू किया और आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। 

जोश हेजलवुड को मार्श के शुरुआती हमलों का सबसे ज्यााद सामना करना पड़ा। मार्श ने उनके सिर के ऊपर से सीधे दो ऊंचे छक्के जड़े और फिर इसी तेज गेंदबाज़ के अगले ओवर में तीन चौके भी लगाए। मार्श के इस आक्रामक खेल को देखते हुए आरसीबी को पांचवें ओवर में ही रसिख सलाम डार को गेंदबाजी के लिए लाना पड़ा, लेकिन इस बदलाव से भी रन गति पर कोई खास असर नहीं हुआ। मार्श ने इस तरह आईपीएल में अपना सबसे तेज अर्धशतक पूरा किया और सिर्फ 20 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल कर ली।

उन्होंने रनों की बरसात करते हुए एलएसजी को नौ ओवरों में ही बिना विकेट गंवाए 95 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। फिर 30 मिनट तक हुई बारिश के कारण एलएसजी की लय प्रभावित हुई। बारिश रुकने के बाद क्रुणाल पंड्या ने कुलकर्णी की पारी का अंत कर दिया। पूरन ने क्रीज पर उतरने के बाद जरा भी समय बर्बाद नहीं किया और रसिख की गेंदों पर लगातार दो चौके जड़े। 

वहीं मार्श ने लगातार चार चौके लगाकर अपना शतक पूरा किया जो उनका आईपीएल में दूसरा सैकड़ा है। इसके बाद उन्होंने कवर प्वाइंट के ऊपर से एक छक्का लगाया। इसी समय बारिश के कारण तीसरी बार खेल रोकना पड़ा। मार्श जब 110 रन पर थे, तब देवदत्त पडिक्कल ने उनका कैच छोड़ दिया था। लेकिन मार्श इस जीवनदान का पूरा फायदा नहीं उठा पाए और आखिरकार डीप प्वांइट पर हेज़लवुड का शिकार बन गए। मार्श के आउट होने के बाद अब पंत ने अपनी पारी के दौरान चार चौके और दो छक्के जड़े।

संबंधित समाचार