Pilibhit : शराब की दुकान खुलने पर बवाल, तहसीलदार-दरोगा समेत पांच घायल, वाहन क्षतिग्रस्त, 58 पर FIR
माधोटांडा (पीलीभीत), अमृत विचार। शराब की दुकान खुलने का कई दिनों से चला आ रहा विरोध गुरुवार को हिंसक रूप ले गया। पुलिस बल की मौजूदगी में दुकान खुलने के लिए पहुंचे आबकारी और प्रशासनिक अधिकारियों से महिलाएं भिड़ गई। इसी बीच तीखी कहासुनी से शुरू हुआ विवाद तूल पकड़ गया और उग्र भीड़ ने हमला कर दिया। लाठी डंडे चले और फिर पथराव भी कर दिया गया। पुलिस ने भी लाठियां फटकारी। जिसमें तहसीलदार, तीन दरोगा समेत टीम के पांच लोग घायल हो गए जबकि आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण भी घायल हो गए। उग्र ग्रामीणों के बीच खुद को घिरता देख टीम ने भागकर खुद को बचाया। वहीं, बाद में भारी पुलिस बल की तैनाती गांव में कर दी गई है। घायलों को अस्पताल भेज पुलिस कार्रवाई की तैयारी में जुटी रही। मामले में आबकारी निरीक्षक की ओर से 43 नामजद, 15 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना नेपाल सीमावर्ती कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव बूंदीभूड़ की है। गांव में आवंटित हुई कंपोजिट शराब की दुकान को खुलवाने के लिए एसडीएम कलीनगर प्रमेश कुमार, तहसीलदार वीरेंद्र कुमार पुलिस और आबकारी टीम के साथ पहुंचे थे। इस दुकान के खुलने का पूर्व से ही विरोध ग्रामीणों की ओर से किया जा रहा था। जैसे ही टीम ने दुकान खुलवाने के लिए प्रयास किए। वैसे ही तमाम महिलाएं एकत्र हो गई और हाथ में डंडे लेकर पहुंच गई। उन्होंने गांव में शराब की दुकान खोले जाने का विरोध शुरू कर दिया।
अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन महिलाएं मानने को राजी ही नहीं हुई। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। इसी बीच आरोप है कि उग्र्र भीड़ ने टीम पर हमला कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले पुलिस की ओर से लाठी फटकारी गई। विरोध प्रदर्शन बवाल में तब्दील होगया और अफरा-तफरी मच गई। अचानक पथराव भी शुरू कर दिया गया। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने भी लाठी फटकारी लेकिन आबादी के बीच फंसी टीम को भागकर खुद को बचाना पड़ा। घटना में कलीनगर तहसीलदार वीरेंद्र कुमार, माधोटांडा थाने के दरोगा सैफ अली, नौशाद अली, महिला थाना की दरोगा रीता देवी, आबकारी के वाहन का चालक परवेश अहमद पांच लोग घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को अस्पताल भिजवाया गया। बताते हैं कि दरोगा सैफ अली के फ्रैक्चर हुआ है, जबकि तहसीलदार के हाथ में सूजन होने पर एक्स-रे भी कराया गया है। घटना में आबकारी की बस, चार पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। वहीं, शीतल, किरण, सुधा, बिंदू, शीला, मालती समेत दर्जनभर महिलाओं के भी घायल हुई। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
